गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के चलते कंट्रोल रूम से लेकर कांवड़ मार्ग एवं मंदिरों की साफ-सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के लिए अब नगर निगम के अधिकारियों की अलग-अलग क्षेत्रों में ड्यूटी तय कर दी है।गुरूवार को नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कांवडिय़ों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं एवं अन्य कार्यों के लिए नगर निगम के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। वहीं, मेरठ रोड तिराहा पर नगर निगम द्वारा बनाए गए कांवड़ कंट्रोल रूम के 24 घंटे संचालित होने के चलते यहां पर भी शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई हैं।
गुरूवार को मेरठ रोड तिराहा स्थित कंट्रोल रूम का अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव,एडीएम सिटी बिपिन कुमार,एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल,सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह,नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी,उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह,जलकल जीएम आनंद त्रिपाठी आदि अधिकारियों ने एलईडी स्क्रीन से लेकर कंट्रोल रूम में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम सीमा अंतर्गत मुख्य कांवड़ मार्ग एवं मंदिरों में नगर निगम द्वारा कराई जाने वाली व्यवस्थाओं पर प्रभावी तरीके से नियंत्रण और पर्यवेक्षण के लिए नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद होकर ड्यूटी करें। शिव भक्तों एवं कांवडिय़ों के लिए नगर निगम द्वारा कराई जाने वाली व्यवस्थाओं को सुचारू किया गया है। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की लाइट,सड़क आदि पर असुविधा न हो। इसलिए सभी जोनल प्रभारियों,अपर नगर आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।जोन वार टीम बनाकर सभी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोबाइल नंबर कंट्रोल रूम पर उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित करेंगे ताकि किसी भी समय संपर्क कर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सकें। इन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 26 जुलाई की रात तक ड्यूटी रहेेगी।
किसी को भी अवकाश इस बीच में नहीं दिया जाएगा। महापौर एवं नगर आयुक्त के निर्देश में कांवड़ यात्रा सुव्यवस्थित रखने के लिए कविनगर जोन सुपर जोनल प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को बनाया गया। मोहननगर जोन का जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी को सौंपा गया है। सिटी जोन के सुपर जोनल प्रभारी अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव,विजय नगर जोन की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को दी गई है। वसुंधरा जोन का सुपर जोनल प्रभारी मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को दी गई है।
इसके अलावा नगर निगम द्वारा कराए जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा समय समय पर लिया जाएगा और किसी भी समस्या के आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। ताकि कांवडिय़ों की यात्रा सकुशल संपन्न हो सकें। मेरठ रोड तिराहा चौधरी चरण सिंह पार्क में बनाए गए कंट्रोल रूम का अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव ने जायजा लिया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को देखा। शहर में आने वाले कांवडिय़ों पर प्रशासन-पुलिस भी नजर बनाए हुए हैं।
कंट्रोल रूम पूर्ण रूप से निगम द्वारा व्यवस्थित कराया गया।इसमें फॉगिंग,सैनिटाइजेशन कराने के साथ शौचालयों की साफ-सफाई,निर्माण संबंधी कार्यों के अलावा रंगाई-पुताई आदि कराई गई है। नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने कंावडिय़ों की सुविधा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग का जायजा लिया। ताकि कांवडिय़ों को कांवड़ रखने एवं यात्रा के दौरान कोई परेशानी न हो। सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने का भी टीम के साथ निरीक्षण किया। वहीं,जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने कांवड़ रूट पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
















