अखिल भारतीय मेयर कॉन्फ्रेंस में नगर निगम के प्रोजेक्ट्स छाए

-गार्बेज फैक्ट्री और प्लास्टिक टूरिज्म को मिली खूब प्रशंसा

गाजियाबाद। नगर निगम की गार्बेज फैक्ट्री और प्लास्टिक टूरिज्म प्रोजेक्ट अब मिसाल बन रहे हैं। इन दोनों प्रोजेक्ट को खूब सराहना मिल रही है। वाराणसी में आयोजित अखिल भारतीय मेयर कॉन्फ्रेंस में भी इन दोनों प्रोजेक्ट्स ने काफी चर्चा और प्रशंसा बटोरी है। खास बात यह है कि मेयर कॉन्फ्रेंस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली संबोधित किया था। पीएम मोदी ने विकास योजनाओं और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। गाजियाबाद नगर निगम में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। अखिल भारतीय मेयर कॉन्फ्रेंस में गाजियाबाद का प्रतिनिधित्व मेयर आशा शर्मा ने किया। वहीं, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के अलावा अन्य अधिकारी एवं कई पार्षद ऑनलाइन इस कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम में गार्बेज फैक्ट्री और प्लास्टिक टूरिज्म प्रोजेक्ट की प्रशंसा होने से गाजियाबाद नगर निगम की कार्यप्रणाली को भी सराहना मिली है। अखिल भारतीय मेयर कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए मेयर आशा शर्मा वाराणसी पहुंची हैं। उन्होंने शुक्रवार को इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके अलावा नगर निगम के तमाम अधिकारी और कई पार्षदों ने कार्यक्रम का आॅनलाइन प्रसारण देखा। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि अखिल भारतीय मेयर कॉन्फ्रेंस में गाजियाबाद निगम निगम की गार्बेज फैक्ट्री और प्लास्टिक टूरिज्म प्रोजेक्ट को सराहना मिली है। यह शहरवासियों के लिए भी गौरव की बात है। गार्बेज फैक्ट्री में कूड़े-कचरे का पृथक्कीकरण कर निस्तारण किया जाता है। इसके अलावा प्लास्टिक टूरिज्म प्रोजेक्ट भी पसंद किया गया है। कार्यक्रम में मेयर आशा शर्मा ने आगंतुकों को इन प्रोजेक्ट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पार्षद अभिनव जैन, हिमांशु लव, राजकुमार नागर, पूनम त्यागी, साक्षी नारंग, संजय सिंह के अलावा अपर नगर आयुक्त आर.एन. पांडे, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज, जीएम (जल) योगेश श्रीवास्तव इत्यादि मौजूद रहे। उधर, नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि मेयर कॉन्फ्रेंस से जुड़कर कई नई चीजों की जानकारी मिली है। शहर के समुचित विकास में इनका प्रयोग किया जाएगा। भविष्य के प्रोजेक्ट तैयार करने में भी आसानी होगी। नगरायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन ने भी उत्साह बढ़ाया है।