31 जनवरी की रात से नंदग्राम कोतवाली का शुरू होगा कामकाज, नीरज कुमार बने थाना प्रभारी

गाजियाबाद। गणतंत्र दिवस के बाद जिले का नया 21वां नंदग्राम कोतवाली का कामकाज 31 जनवरी की रात से शुरू हो जाएगा। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने नवागत नंदग्राम थाने का प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज कुमार को तैनात करने के आदेश जारी कर दिए है। वहीं, दूसरे जनपद से तबादला होकर जनपद में आए दारोगा रण विजय सिंह एसएसआई नियुक्त किया गया। थाने में एक इंस्पेक्टर, 6 सब इंस्पेक्टर, एक एसएसआई,7 महिला सिपाही समेत 50 पुलिसकर्मियों की टीम तैनात होगी। प्रदेश शासन ने पिछले दिनों नंदग्राम थाना शुरू करने के संबंध में स्वीकृति आदेश जारी किए थे। एसएसपी ने स्वीकृति के बाद 8 दिन में थाने की सभी प्रक्रिया पूरी कराते हुए अब नए थाना प्रभारी निरीक्षक की तैनाती कर दी। नंदग्राम थाना फिलहाल चौकी में ही संचालित होगा। भवन की मरम्मत आदि कार्य 30 जनवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए है। इसके बाद 31 जनवरी की रात 12 के बाद नया थाना नंदग्राम में क्रियाकलाप शुरू हो जाएगा।
बता दें कि एसएसपी कलानिधि नैथानी ने जनवरी-2020 में जिले की कमान संभालने के बाद नए थानों की फाइलों को खंगालने के बाद पिछले एक साल से लंबित पड़े 2 नए थाने कौशंाबी और टीला मोड़ को 15 दिन में ही थाने का संचालन शुरू कराया था। इसके चलते अब जिले में 21वें थाने के रूप में नंदग्राम में नया थाना 31 जनवरी की रात से क्रियान्वित हो जाएगा। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को कड़े दिशा निर्देश दिए थे। एसएसपी ने नए थाने का निरीक्षण कर वहां पर सीसीटीएनएस का ट्रायल समेत अन्य सभी आवश्यक जरूरत को पूरा कराया। इसके लिए एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल को थाने का नोडल अधिकारी बनाया गया हैं। नंदग्राम थाने का सिहानी गेट थाने में तैनात अतिरिक्त इंस्पेक्टर नीरज कुमार को थाना प्रभारी बनाया गया। नंदग्राम थाना क्षेत्र में नंदग्राम चौकी,मोरटा चौकी,सिहानी चुंगी चौकी क्षेत्र शामिल होंगे।