5 लाख की आबादी को कवर करेगा नंदग्राम थाना

एसएसपी ने किया निरीक्षण, 4 लाख का बजट मंजूर

गाजियाबाद। नंदग्राम में नए थाने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। वरिठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने आज वहां का दौरा कर मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने जरूरी कार्यों के लिए 4 लाख रुपए का बजट भी आवंटित कर दिया है। 2 लाख रुपए तत्काल प्रभाव से जारी कर दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद गाजियाबाद में नंदग्राम को नए थाने के रूप में स्वीकृति प्रदान की है।

नए थाने का शुभारंभ 26 जनवरी को किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां आरंभ हो गई हैं। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने आज नंदग्राम पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। चौकी भवन का विस्तार कर थाने का संचालन होना है। एसएसपी नैथानी ने निरीक्षण के दरम्यान नोडल अधिकारी सीओ (द्वितीय) अवनीश कुमार को थाना नंदग्राम की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हवालात, मेस, रिसेप्शन व मालखाना का काम प्राथमिकता पर पूरा करा लिया जाए।

जरूरी मरम्मत का काम भी समय पर संपन्न कराया जाए। एसएसपी ने नए थाने के लिए शस्त्र, वायरलेस सेट सहित सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु सीओ लाइन अभय कुमार मिश्र को दिशा-निर्देश दिए। नंदग्राम थाना क्षेत्र का निर्धारण अंतिम चरण में है। करीब 4 से 5 लाख आबादी इस थाना क्षेत्र में रहेगी। इस थाना क्षेत्र में राजनगर एक्सटेंशन के अलावा 28 गांव और कॉलोनियों को सम्मिलित किया गया है। आबादी के हिसाब से थाने की नफरी का निर्धारण भी किया जा रहा है। वहां इंस्पेक्टर सहित 120 की नफरी होने की संभावना है। नया थाना खुलने से संबंधित क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण में भी मदद मिल सकेगी। नंदग्राम में थाना खुलने की जानकारी मिलने से आस-पास के नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।