सपा से नीलम गर्ग महापौर प्रत्याशी, लोनी पालिका से रंजीता धामा लड़ेगी चुनाव

गाजियाबाद। नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अब महापौर से लेकर नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करना शुरू कर दिया है। जिले में दूसरे चरण में 11 मई को मतदान होना है। जबकि 17 अपै्रल से 24 अपै्रल तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इससे पहले भाजपा, कांग्रेस और बसपा को छोड़कर सबसे पहले समाज वादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल ने महापौर पद व अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को प्रत्याशी की घोषणा कर दी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने महापौर पद के लिए नीलम गर्ग पत्नी पीएन गर्ग को प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा है। सपा के महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने बताया कि सपा सुप्रीमो के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष ने पटेलनगर निवासी नीलम गर्ग को महापौर प्रत्याशी घोषित किया है। सपा-रालोद का निकाय चुनाव में गठबंधन है।

इसलिए मिलकर नीलम गर्ग को महापौर का चुनाव लड़ाया जाएगा। वैश्य समाज से आने वाली नीलम गर्ग के पति पीएन गर्ग लंबे समय तक कांग्रेस में रहे। विधानसभा चुनाव से पहले इन्होंने सपा का दामन थाम लिया था। इन्होंने सपा से विधानसभा का टिकट भी मांगा था। पटेलनगर निवासी नीलम गर्ग समाजसेवी और शिक्षाविद हैं। दुहाई स्थित एक कॉलेज में वह डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। इनके पति पीएन गर्ग विधानसभा चुनाव-2022 से छह माह पूर्व कांग्रेस को छोड़कर सपा में शामिल हो गए थे। कयास लगाए जा रहे थे कि सपा इन्हें विधानसभा चुनाव में शहर सीट से प्रत्याशी बनाकर मैदान मेें उतार सकती है। इन्होंने टिकट की दावेदारी की थी। लेकिन सपा ने शहर सीट से विशाल वर्मा को प्रत्याशी बनाया था। जिन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। सपा में टिकट के दावेदारों में पीएन गर्ग की पत्नी नीलम गर्ग, अधिवक्ता नीलम श्रीवास्तव का सामान्य वर्ग से मजबूती से चल रहा था। सामान्य महिला सीट पर पिछड़ा वर्ग से राजदेवी चौधरी,रश्मि चौधरी ने भी दावेदारी की थी। मगर इन्हें टिकट से वंचित होना पड़ा।

रालोद ने अध्यक्ष के प्रत्याशी की घोषणा:
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद चौधरी जयंत सिंह ने भी नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। लोनी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान चेयरमैन रंजीता धामा को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, मोदीनगर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए विनोद गौतम, मुरादनगर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट इमरान की पत्नी सलमा और पतला नगर पंचायत से रीता चौधरी को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया।