एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही और देरी नहीं होगी बर्दाश्त : एसएसपी

मासिक समीक्षा गोष्ठी में अधीनस्थ अधिकारियों को पुलिस कप्तान ने दिए निर्देश

गाजियाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा गोष्ठी की। जिसमें उन्होंने कहा कि हर हाल में जीरो एफआईआर दर्ज करनी होगी। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी थानेदार की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। समय पर एफआईआर दर्ज कर पीडि़त को इंसाफ दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाए। अगर किसी भी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उस पर विभागीय कार्रवाई तत्काल प्रभाव से अमल में लाई जाएगी।

इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी द्वारा की जा रही विवेचना का अध्यवधिक विवरण, लंबित प्रारंभिक जांच तथा 14 (1) की कार्रवाई, मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग, एससी- एसटी आयोग, अल्पसंख्यक आयोग, बाल संरक्षण आयोग, सफाई कर्मचारी आयोग, पिछड़ा वर्ग आयोग से संबंधित समस्त लंबित जांच, शासन, डीजीपी, एडीजी, आईजी परीक्षेत्र, डीएम स्तर के प्रार्थना पत्रों की जांच, आइजीआरएस, जनशिकायत से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच, जनसूचना से संबंधित लंबित प्रकरण, गोपनीय कार्यालय से संबंधित लंबित शिकायत प्रार्थना पत्र, राजपत्रित अधिकारी गण द्वारा पैरवी की जा रही अब लोगों की अध्यावधिक स्थिति, अन्य सनसनीखेज चर्चित घटनाओं की समीक्षा और टॉप टेन अपराधी के जमानत निरस्तीकरण के अलावा विभिन्न बिंदुओं पर कामकाज के लिए कड़े दिशा निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी अधीनस्थों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण व कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ व कर्तव्य पालन में शिथिलता व लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के साथ साथ लापरवाही व कर्तव्य पालन में शिथिलता व अधिक समय जांच लंबित रखने के चलते क्षेत्राधिकारी साहिबाबाद पेशी के सभी कर्मचारियों को पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया। साथ ही सभी पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी को अपने अधीनस्थों के साथ संवाद स्थापित कर प्रभावी नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण के लिए आदेश दिए गए। इसके अलावा एसएसपी ने सभी अधीनस्थों से कहा कि पुलिसकर्मी आपस में संवाद बढ़ाएं। एडिशनल एसपी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से अधिक बात करें। वही कोतवाल अपने दरोगा व सिपाहियों और ग्राम चौकीदारों से संवाद करें तथा महत्वपूर्ण घटनाओं और रंजिशें को चिन्हित कर उन पर समय से कार्रवाई करें। एफआईआर दर्ज करने में हीला हवाली न करें तथा समय पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस दौरान एसपी सिटी निपुण अग्रवाल,एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा,एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा,एसपी संतोष कुमार गंगवार,सीओ,प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, गोपनीय कार्यालय, वाचक एवं अपराध शाखा सर्विलांस अधिकारी मौजूद रहेे।