इलाज में लापरवाही, कारण बताओ नोटिस जारी

– उपजिलाधिकारी ने खत्री नर्सिंग होम के खिलाफ जारी किया नोटिस

गाजियाबाद। इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप में एसडीएम डीपी सिंह ने विजयनगर स्थित एक अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक विजय नगर स्थित खत्री नर्सिंग होम में 8 मई की रात को परमथ कुमार धर निवासी नेहरू नगर को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराने के लिए लाए। लेकिन अस्पताल ने डॉक्टर की अनउपलब्धता का कारण बताकर ईलाज से इंकार कर दिया। जबकि नर्सिंग होम के तौर पर 24 घंटे डॉक्टर उपलब्ध होना चाहिए। इसके बाद 10 मई को नगर स्वास्थ्य अधिकारी की जांच में मरीज के ईलाज व रेफर किए जाने के संबध में अस्पताल कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। इसके अलावा अस्पताल मरीज के इलाज में हुए खर्चे का ब्यौरा भी देने में नाकाम रहा। जबकि परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने मरीज को भर्ती करते समय 50 रूपए जमा कराए गए थे। जिसका कोई भी बिल नर्सिंग होम द्वारा नहीं दिया गया। इन तमाम आरोपों के मद्देनजर उपजिलाधिकारी ने अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 2 दिन में जवाब मांगा है। तय अवधि में जवाब ना देने पर अस्पताल के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।