पंचायत निर्वाचन में लापरवाही नही होगी बर्दास्त: डीएम

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा है कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन की ड्यूटी में शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी को निर्धारित समयावधि एवं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन प्रक्रिया संचालित है। राज्य निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप पंचायत निर्वाचन का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने का दायित्व सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पंचायत निर्वाचन कार्य में जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी एवं दायित्व सौंपा गए हैं, सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी-अपनी ड्यूटी को अंजाम देंगे। अन्यथा की स्थिति में राज्य निर्वाचन आयोग की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।