अंतिम संस्कार के लिए अब नही करना होगा घंटो इंतजार

-राजनगर एक्सटेंशन में नगर निगम ने बनाया नया श्मशान घाट

गाजियाबाद। हिंडन श्मशान घाट पर कोविड से मरे लोगों के अंतिम संस्कार के कई घंटों का इंतजार करना पड़ता था। लेकिन सोमवार से यह इंतजार खत्म हो गया है। नगर निगम ने लोगों की परेशानी को देखते हुुए कोविड से मरे लोगों के लिए अलग से श्मशान घाट बना दिया है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर निगम ने सोमवार को राजनगर एक्सटेंशन में अपनी जमीन पर नया श्मशान घाट शुरू करा दिया। वहीं, शहीदनगर में श्मशान घाट शुरू किया गया। इन दोनों स्थानों पर अब शवों का अंतिम संस्कार किया जा सकेगा। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त एवं हिंडन मोक्ष स्थली के नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि किसानों की सहमति के बाद राजनगर एक्सटेंशन में अस्थाई रूप से श्मशान घाट शुरू कर दिया गया। यहां पर पुजारी और निगम के सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है। राजनगर एक्सटेंशन में सोमवार की शाम तक 6 शवों का अंतिम संस्कार किया गया। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि इसके अलावा शहीदनगर में भी श्मशान घाट चालू किया गया है। यहां पर सोमवार से शवों का अंतिम संस्कार होना शुरू हो गया। हिंडन मोक्ष स्थली श्मशान घाट पर कोविड से मरे लोगों के अंतिम संस्कार के लिए कई-कई घंटे की वेटिंग चल रही थी। इसलिए सोमवार से यह दोनों श्मशान घाट चालू किए गए हैं। हिंडन नदी मोक्ष स्थली पर नगर निगम द्वारा पक्के 60 प्लेटफार्म और विद्युत शव दाह गृह के 10 प्लेटफार्म पर शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा हैं। निगम ने कोविड से मरे लोगों के लिए अलग से श्मशान घाट बना दिया है। निगम और पार्षदों की टीम ने आज इस नए श्मशान घाट को चालू कर दिया। गत दिनों हिंडन श्मशान घाट पर काफी अव्यवस्था चल रही है। निगम के पास लगातार कई तरह की शिकायतें पहुंच रही थीं। कोरोना से मरने वाले शवों के अंतिम संस्कार के लिए दिए गए टोकन दिया गया। शव का पहले अंतिम संस्कार करने के लिए भी 15 हजार रुपए लिए गए। अंतिम संस्कार में हो रही देरी के चलते यह दोनों श्मशान घाट चालू किए गए हैं। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार,पार्षद हिमांशु मित्तल, पार्षद प्रदीप चौहान आदि की मौजूदगी में इसकी शुरूआत की गई। राजनगर एक्सटेंशन में शाम तक 6 शवों का अंतिम संस्कार किया गया।