शिक्षकों के सम्मान को नहीं आएगी कोई आंच: दिनेश शर्मा

विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं मतदाताओं को उपमुख्यमंत्री ने पढाया पाठ

गाजियाबाद। शिक्षक और स्नातक सीट पर एमएलसी चुनाव के लिए रणभेरी बज गई है। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करने को भाजपा मतदाता सम्मेलन आयोजित कर रही है। 1 दिसंबर को पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को पूरे जोश के साथ संपर्क, संवाद और समन्वय के लिए जुटने को कहा जा रहा है। शुक्रवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में स्नातक एवं शिक्षक क्षेत्र से विधान परिषद के चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के लिए आए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं मतदाताओं के सम्मेलन को संबोधित किया।

मतदाताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा के शिक्षक व स्नातक दोनों उम्मीदवार रिकॉर्ड मतों से जीत कर विधान परिषद के सदस्य बनने जा रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं को विश्वास दिलाते हुए कहा कि चुनाव में जीतने के बाद प्रत्याशी विधान परिषद में मतदाता की आवाज को पूरी निष्ठा के साथ रखेंगे। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने शिक्षकों के हित में अभूतपूर्व फैसले लिए हैं।

उन्होंने बताया कि पहले किसी शिक्षक को रिटायर होने के बाद पेंशन जैसी व्यवस्थाओं के लिए जूझना पड़ता था। लेकिन हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि जिस दिन टीचर रिटायरमेंट लेगा उसी दिन उसकी रिटायरमेंट अवशेष राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश विश्व गुरू बनने को तैयार है। केंद्र और प्रदेश सरकार सभी वर्ग के लिए कार्य कर रही है। समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए शिक्षित समाज को आगे आना होगा। मतदाता चुनाव वाले दिन पोलिंग स्टेशन तक पहुंचे इसकी चिंता कार्यकर्ताओं को करनी होगी। इस कार्य के लिए टोलियां भी बनाई गई हैं। बुंदेलखंड में बनने वाले कॉरीडोर के माध्यम से बहुत जल्दी ही युवाओं को रोजगार देने का काम हमारी सरकार करने जा रही है। शिक्षक अपनी स्थानांतरण को लेकर बहुत परेशान रहते थे, लेकिन हमारी सरकार ने ऑनलाइन स्थानांतरण लागू करा कर उन्हें घर बैठे आवेदन के माध्यम से स्थानांतरित करने का बड़ा फैसला लेने जैसी सुविधा प्रदान की है। विधान परिषद शिक्षक चुनाव में वित्तविहीन शिक्षक मतदाता नहीं बन पाते थे। जिसकी वजह से वह चुनाव लडऩे से भी कभी-कभी वंचित रह जाते थे। इसके लिए भाजपा सरकार ने पूरे प्रयास पर वित्तविहीन शिक्षकों को भी इस बार मतदाता बनने का पूर्ण अधिकार दिलाया है। उपमुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए दोनों प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का आवाहन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के स्नातक सीट के प्रत्याशी दिनेश गोयल व शिक्षक सीट के प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा को वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने प्रत्याशियों के घोषणा पत्र को भी वोटर्स के सामने रखा। भाजपा के इस घोषणा पत्र में वित्त विहीन शिक्षकों को आर्थिक सहायता, मानदेय दिलाये जाने, सरकारी सेवाओं के लिए मान्य कराने, वित्त विहीन शिक्षण संस्थानों को बिजली, पानी व इमारतों पर लगने वाले कर को कम करने, वित्त विहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली को जल्द जारी करने सहित कई बिंदुओं पर घोषणा की। इस दौरान डिप्टी सीएम ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी रखा व कहा कि वित्त विहीन शिक्षकों को पहली बार मुख्यमंत्री सम्मान इस सरकार द्वारा दिया गया। मंच का संचालन योगेश त्रिपाठी ने किया। इस दौरान मोहित बेनीवाल, राज्यमंत्री अतुल गर्ग, राज्यसभा सांसाद अनिल अग्रवाल, विधायक सुनील शर्मा, मेयर आशा शर्मा, विकास अग्रवाल, गुलशन भावरी, अजय जैन, पृथ्वी सिंह, अशोक नागर, मयंक गोयल, राजा वर्मा, सरला चौधरी, यशवीर नागर, संजीव शर्मा, पप्पू पहलवान, योगेश भड़ाला, ऋचा सूद, जोगेंद्र सिंह, आलोक गर्ग, राकेश त्यागी, गौरव गर्ग, धीरज शर्मा, चमन चौहान, राजेन्द्र मित्तल मेंदी वाले, संजीव मित्तल, प्रदीप कंसल, जय कमल अग्रवाल, नीरज गोयल आदि उपस्थित रहे।