गाजियाबाद। नगर निगम ने सिद्धार्थ विहार के बाद इंदिरापुरम में कूड़े के पहाड़ का समाधान ढूंढ़ निकाला है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर सोमवार को इंदिरापुरम के शक्ति खंड-4 में पहुंचे। वहां कूड़े के ऊंचे-ऊंचे ढेर पर पौधरोपण किया गया। भविष्य में वहां कूड़े को खाद में तब्दील कर भूमि को खाली कराया जाएगा। इसके पहले यह प्रयोग सिद्धार्थ विहार में हो चुका है। इंदिरापुरम शक्ति खंड-4 में लगभग 105000 टन कूड़ा एकत्र है। इससे आस-पास की हाउसिंग सोसाइटियों तथा रेजीडेंट्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े की विकट समस्या के संबंध में रेजीडेंट्स ने कई बार नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर से शिकायत की थी।

ऐसे में नगर निगम ने इस समस्या का स्थाई समाधान करने को कदम उठाया है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर सोमवार को शक्ति खंड-4 पहुंचे। उन्होंने संबंधित स्थल का जायजा लेने के बाद वहां पौधरोपण किया। निगम की योजना कूड़े को खाद में तब्दील कर भूमि को खाली कराने की है। नगरायुक्त तंवर ने बताया कि वसुंधरा जोन के अंतर्गत शक्ति खंड-4 में कूड़े के पहाड़ की समस्या को निस्तारित करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए संबंधित स्थान पर हजारों की संख्या में मियांवकी पद्धति से पौधरोपण कार्य शुरू किया गया है। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार को इस संबंध में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
टाटा कंपनी का भी विशेष सहयोग नगर निगम को प्राप्त होगा। नगरायुक्त तंवर ने बताया कि जहां कुछ दिनों पहले पर्यावरण दूषित था, वहीं खुशबूदार फूलों के पौधे तथा सुंदर फलदार, छायादार वृक्षों से युक्त अच्छा वातावरण और पार्क बनाया जाएगा। जो सोशल पार्क कहलाएगा। वर्तमान में कुछ कचरा प्रोसेस होना रह गया है। इस बावत संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया है। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह ने बताया कि वसुंधरा के नागरिकों के लिए बेहतर उपहार के रूप में पार्क विकसित किया जाएगा। जिसका शुभारंभ नगरायुक्त द्वारा स्वयं कचरे के पहाड़ वाले स्थान पर पौधरोपण कर किया गया।
लगभग 6 एकड़ भूमि को कचरा मुक्त किया गया है। जिस पर अमलतास, नीम, पीपल, जामुन, अमरूद, अशोक, चंपा, सांगवान व अन्य 30 से 40 प्रजातियों के पौधे रोपित किए जाएंगे। प्रथम चरण में 20 हजार पौधे लगाए जाएंगे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि उक्त स्थान पर बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ता था, जिसे योजनाबद्ध तरीके से प्रोसेस कराया गया। कचरे से खाद बनाई गई और उक्त स्थल को खाली कर निगम हित में इस्तेमाल में लिया जाएगा। उक्त स्थान पर पौधरोपण कर पार्क के रूप में डवलपमेंट किया जाएगा। जीडीए द्वारा वर्तमान में कुछ कचरा वहां डाला जा रहा है, जिसे जल्द प्रोसेस कर पार्क में डिवलप करने के लिए स्थान को खाली किया जाएगा। इस मौके पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा तथा आर्किटेक्ट प्रखर जैन आदि उपस्थित रहे।















