व्हाट्स-अप पर आपत्तिजनक स्टेट्स, लेखपाल सस्पेंड

गाजियाबाद। मोबाइल व्हाट्स-अप स्टेट्स पर आपत्तिजनक स्टेट्स लगाने पर लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया है। लेखपाल ने अपने स्टेट्स में यूपी में जंगल राज होने की बात कर राष्ट्रपति से कार्रवाई की मांग से की थी। एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह ने इस संबंध में शिकायत मिलने पर लेखपाल बिजेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की है। इन्हें सस्पेंड करने के बाद इसकी जांच सदर तहसीलदार को सौंपी गई है। एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सदर तहसील के लेखपाल बिजेंद्र सिंह डूंडाहेड़ा क्षेत्र में तैनात है,इसके साथ ही नूरनगर,महीउद्दीनपुर डबारसी,कुशलिया का अतिरिक्त चार्ज है। लेखपाल बिजेंद्र सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत मिली थी। जिसमें लेखपाल बिजेंद्र सिंह ने यूपी में जंगल राज बताते हुए राष्ट्रपति से कार्रवाई की मांग से जुड़ा एक स्टेट्स लगाया। शिकायत के आधार पर इसे निलंबित कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच के निर्देश दिए गए है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष गौरव चोपड़ा की तरफ से लिखित शिकायत कर लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। लेखपाल राज्य सरकार के खिलाफ स्टेट्स लगाता है तो इससे जाहिर है कि वह व्यक्ति शासकीय दायित्वों को निर्वहन नहीं कर रहा है। लेखपाल बिजेंद्र कुमार के खिलाफ सेक्टर-23 संजयनगर पुलिस चौकी में भी तहरीर दी गई है। एसडीएम सदर का कहना है कि प्रथम दृष्टा माना गया है कि लेखपाल का कृत्य सरकार के खिलाफ है जो सरकारी पद पर रहते हुए एवं कर्मचारी आचरण नियमावली के विरूद्ध है। लेखपाल को निलंबित किए जाने के बाद इन्हें भूलेख कार्यालय तहसील में संबंद्ध कर दिया गया। सदर तहसील का ही एक और लेखपाल इसी तरह के मामले में फंसा है। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन के बीच शराब के ठेके खोलने जाने को लेकर उसने सरकार के फैसले की आलोचना की थी। इसकी भी विभागीय स्तर पर जांच चल रही है।