कंट्रोल रूम में ओल्ड ऐज एडवाइजरी विंग की शुरूआत

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के निर्देश पर कंट्रोल रूम में ओल्ड ऐज एडवाइजरी विंग की शुरूआत की गई है। इस विंग में दूरभाष से संपर्क साधा जा सकेगा। डीएम ने बताया कि इस मौसम में ओल्ड ऐज लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। अक्सर सर्दी के कारण बुजुर्ग खांसी जुकाम जैसी बीमारियों से ग्रस्त हो जाते हैं, जिसके कारण परिवार में भी संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसके मद्देनजर कंट्रोल रूम को ओल्ड ऐज लोगों के प्रति और सघन कार्य करने की जरूरत है। कंट्रोल रूम में कोरोना के अलावा ओल्ड ऐज लोगों को इस मौसम में अपनी सेहत संबंधी क्या-क्या सावधानियां बरतनी हैं की भी जानकारी एवं सूचना दूरभाष के माध्यम से दी जाएगी। इसी प्रकार नॉन कोविड गर्भवती महिलाओं को जानकारी उपलब्ध दी जाएगी। ओल्ड ऐज एडवाइजरी विंग में कुशल डॉक्टरों द्वारा लोगों को दूरभाष के माध्यम से सलाह दी जाएगी। इस संबंध में कोई भी ओल्ड ऐज व्यक्ति एवं नॉन कोविड गर्भवती महिला कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर-0120.4186453 पर संपर्क स्थापित कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि गर्भवती नॉन कोविड महिलाएं अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर कराते रहें, प्रचुर मात्रा में पौष्टिक आहार एवं ताजे फल लेते रहे, पर्याप्त आराम करें, 7 से 8 घंटे की नींद ले, अनावश्यक मानसिक एवं शारीरिक तनाव से बचें, किसी भी प्रकार की स्थिति जैसे सूखी खांसी, जुखाम, सांस लेने में दिक्कत, सीने में भारीपन, बेचैनी व घबराहट आदि होने पर तुरंत कंट्रोल रूम पर दूरभाष से संपर्क करें। इसी प्रकार बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की गई है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, प्रदूषण या धुंध होने पर घर से बाहर न जाएं, वातावरण साफ होने पर ही बाहर जाएं, ऐसे व्यक्ति जिन्हें खांसी व जुकाम आदि हो उनसे दूर रहें, सुपाच्य पौष्टिक भोजन लेते रहें, खाली पेट न रहें, नियमित अंतराल पर गर्म पानी, गरम सूप, गरम चाय, हल्दी युक्त दूध का सेवन करते रहें।