वैक्सीनेशन कैंप के पहले दिन 210 ठेली पटरी वालों लगा टीका

-कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण जरूरी

गाजियाबाद। सभी जनपदवासियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग विभिन्न क्षेत्रों में दृढ़ता के साथ वैक्सीनेशन कार्यक्रम को संचालित कर रहा है। डीएम के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम के सभी वेंडर्स को सुलभता के साथ कोरोना वैक्सीन लगाई जा सके। कैंप में सोमवार को पहले दिन करीब 210 ठेली-पटरी, खोमचा लगाने वालों को वैक्सीन लगाई गई। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से स्ट्रीट वेंडर्स को वैक्सीन लगाने के लिए कैंप लगाया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथलेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल के नेतृत्व में लगाए गए शिविर में कोरोना से बचाव के लिए ठेली-पटरी वालों को वैक्सीन लगाई गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि नगर निगम मुख्यालय स्थित पार्क में रोजाना शिविर में शहर में ठेली-पटरी, खोखा लगाने वालों को वैक्सीन लगाई जाएगी। शहर में करीब 1700 ठेली-पटरी वाले चिन्हित किए गए हैं। इन्हें नि:शुल्क वैक्सीन लगाई जाएगी। सोमवार को पहले दिन 210 ठेली पटरी वालों को वैक्सीन लगाई गई। नगर निगम सीमा क्षेत्र में सभी वेंडर्स को कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए शिविर लगाया गया हैं। जिलाधिकारी के नेतृत्व में सोमवार को कोविड वैक्सीनेशन कैंप के तहत आरटीओ कार्यालय और नगर निगम मुख्यालय स्थित पार्क में दो टीकाकरण शिविर शुरू किए गए। आरटीओ कार्यालय में 123 लोगों को टीका लगाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ.एनके गुप्ता ने बताया आरटीओ आफिस में लगाए गए शिविर में कॉमर्शियल चालकों और नगर निगम में ठेली पटरी दुकानदारों व स्ट्रीट वेंडरों को टीके लगाए जा रहे हैं। दोनों स्थानों पर 18 से 44 वर्ष के आयु वर्ग वाले 50-50 और 45 वर्ष से अधिक आयुव वर्ग वाले 50-50 लाभार्थियों को कोविड रोधी टीका लगाया जाएगा। इन शिविरों में टीका लगवाने के लिए नगर निगम और आरटीओ की ओर से स्वास्थ्य विभाग को सूची उपलब्ध कराई जाएगी। सोमवार को पहले दिन दोनों शिविरों में लाभार्थियों में उत्साह देखा गया। टीकाकरण शिविरों में पहले से पंजीकरण या स्लॉट बुकिंग की जरूरत नहीं होगी। संबंधित विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के हिसाब से पंजीकरण कर टीकाकरण किया जाता हैं।