ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भाजपा नेता डॉ. मनोज गोयल ने बांटी मिठाई, लगाए पाकिस्तान विरोधी नारे

-प्रधानमंत्री मोदी, भारतीय सेना और जांबाजों का आभार जताते हुए मनाया गया जश्न

उदय भूमि संवाददाता
गाजि़याबाद। आतंकवाद के खिलाफ भारत द्वारा की गई ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता की खुशी में बुधवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल द्वारा बुधवार को मिठाई बांटी गई और वीर सैनिकों के सम्मान में जोरदार नारेबाज़ी की गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने भी भारी उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए और भारत माता की जय के उद्घोष से माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। डॉ. मनोज गोयल ने इस मौके पर कहा, ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य जवाब नहीं था, बल्कि शहीदों की आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि और हर भारतीय की भावना का सशक्त स्वरूप था। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा, वो करके दिखाया। भारतीय सेना ने अपने साहस, कौशल और संकल्प से यह सिद्ध कर दिया कि भारत अब सहन नहीं करता, बल्कि सटीक जवाब देता है।

उन्होंने सेना के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्रवाई न केवल आतंकवादियों के लिए सबक है, बल्कि उन ताकतों के लिए भी चेतावनी है जो भारत की शांति को उसकी कमजोरी समझते हैं। डॉ. गोयल ने वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति भी आभार प्रकट किया और कहा कि देश को अपने जांबाजों पर गर्व है, जिन्होंने एक बार फिर तिरंगे की शान को ऊंचा किया। कार्यक्रम के दौरान मिठाई वितरण के साथ-साथ लोगों ने तिरंगा लहराकर सेना को सलाम किया। इस आयोजन ने स्पष्ट रूप से यह संदेश दिया कि राष्ट्र एकजुट है और हर आतंकी कार्रवाई का जवाब पूरे संकल्प और शक्ति से दिया जाएगा। डॉ. मनोज गोयल के नेतृत्व में हुए इस आयोजन ने न केवल स्थानीय लोगों के मन में गर्व और जोश भरा, बल्कि यह भी सिद्ध कर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सीमा पार की कार्रवाई नहीं, बल्कि पूरे देश की भावना की अभिव्यक्ति है।

मनोज गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्रालय के नेतृत्व की भी सराहना की, जिन्होंने समय रहते स्पष्ट नीति और दृढ़ निश्चय के साथ कार्यवाही को अंजाम तक पहुंचाया। उनका कहना था कि यह सिर्फ जवाबी कार्रवाई नहीं, बल्कि एक चेतावनी है उन तमाम ताकतों के लिए जो भारत की शांति को उसकी कमजोरी समझने की भूल करते हैं। इस ऐतिहासिक दिन ने पूरे देश को एकजुट कर दिया है और यह दिखा दिया है कि जब बात राष्ट्र की रक्षा की हो, तो भारत हर मोर्चे पर अडिग और अडोल खड़ा रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा यह कहा था कि भारत अब किसी भी आतंकवादी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा और आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर जवाब दिया जाएगा। इस बयान को पूरी तरह से साकार करते हुए भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत सटीक और निर्णायक हमला किया। यह उनकी दृढ़ नीतियों और मजबूत नेतृत्व का प्रमाण है कि जब-जब देश की सुरक्षा पर हमला होता है, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत इसे हर हाल में मात देगा।