पात्रों को ही दिया जाए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ: नरेन्द्र कश्यप

-कानून व्यवस्था कायम करने एवं सुगम यातायात प्रबंधन को लेकर राज्यमंत्री ने की अधिकारियों के साथ बैठक

गाजियाबाद। जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराते हुये उन्हें बेहतर सेवाएं उपलब्ध करायी जाये। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समय से पूरा करते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने पर काम किया जाए। यह बातें शुक्रवार को कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहीं। उन्होंने कहा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री ने प्रथम चरण में जनपद की आर्थिक व्यवस्था राजस्व वसूली एवं विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद की अर्थव्यवस्था को बढ़ाए जाने के उद्देश्य से जहां-जहां से भी राजस्व प्राप्ति की संभावना बने राजस्व प्राप्ति एवं राजस्व वसूली को सुनिश्चित कराते हुए जनपद की आर्थिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने जनपद की उपलब्धियों, स्मार्ट फोन, टेबलेट वितरण, अमृत सरोवर, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय), कोविड टीकाकरण अभियान की प्रगति, घरौनी वितरण, कर करेत्तर, राजस्व संग्रह, आईजीआरएस संदर्भों की स्थिति, रोजगार सृजन, गन्ना मूल्य भुगतान आदि योजनाओं की समीक्षा की। स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की रैंकिंग में माह मई, 2022 में प्रथम स्थान पर रहा। जनपद में संस्थागत प्रसव की उपलब्धि 107 प्रतिशत है। उन्होंने पाया कि देश में चयनित 100 श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुबर्न क्लस्टर में जनपद गाजियाबाद के क्लस्टर डासना देहात का तृतीय स्थान है। आजादी से अंत्योदय तक अभियान में 28 अप्रैल, 2022 से 15 अगस्त, 2022 तक भारत सरकार द्वारा देश के 09 मंत्रालयों की 17 योजनाओं में जनपद गाजियाबाद प्रथम स्थान पर रहा है।

अमृत सरोवर के निर्माण में जनपद गाजियाबाद प्रदेश के प्रथम 05 जनपदों में है। कोविड-19 महामारी प्रबंधन में जनपद को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जनपद की समस्त 161 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय स्थापित कराते हुए लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारियों का रोस्टर निर्धारित कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए 132 ग्राम सचिवालयों में जन सुविधा केंद्रों को क्रियाशील कराया गया है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप संपूर्ण जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था मानकों के अनुरूप कायम रहे इस संबंध में माइक्रो प्लान तैयार करते हुए निरंतर स्तर पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने राज्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा आज बैठक में दिए गए दिशानिर्देशों का अक्षरश: से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक से पूर्व राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप द्वारा जनपद के भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय निडोरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाये जाने के लिए विशेष निर्देश दिए। इसके उपरांत ग्राम पंचायत निडोरी द्वारा संचालित गौशाला में पहुंच कर गौशाला में गोवंशों के चारे की व्यवस्था, बीमार पशुओं के उपचार आदि की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।

निरीक्षण में पाया कि गौशाला में 20 गोवंश संरक्षित है जिसमें 17 गौ माताएं और 03 नंदी संरक्षित हैं। राज्य मंत्री द्वारा राजापुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्रीय जनता ने अपनी-अपनी समस्याएं रखी। ग्राम पंचायत निडोरी विकासखंड रजापुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना के कार्यों का निरीक्षण किया गया। सीएचसी डासना का निरीक्षण किया गया। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने गंगाजल गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आम जनमानस की समस्याओं को सुना एवं उपस्थित अधिकारी गणों को समस्याओं के निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक मोदीनगर मंजू शिवाच, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ0 ईराज राजा, अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार, नगर मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए पीएन दिक्षित, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी वीर सिंह, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी गण, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/पंचायत अन्य संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी सौरभ जायसवाल उपस्थित रहे।