-पहले दिन 490 मरीजों की हुई ओपीडी
गाजियाबाद। जिले में करीब दो माह बाद शुक्रवार को सरकारी अस्पतालों में ओपीडी शुरू हो गई। पहले दिन ही 100 पोस्ट कोविड मरीज जांच कराने पहुंचे। इसमें सांस फूलने, शारीरिक कमजोरी और मानसिक रूप से परेशान मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। पहले दिन जिला अस्पताल में मरीजों की ओपीडी सामान्य दिनों से 70 फीसदी कम रही। ओपीडी बढऩे पर पोस्ट कोविड की संख्या भी बढऩे की संभावना होगी। शुक्रवार को जिला एमएमजी अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, लोनी, डासना, मोदीनगर व मुरादनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सामान्य ओपीडी शुरू हो गई। हालांकि पहले दिन ओपीडी में काफी कम मरीज पहुंचे। कुछ लोगों को ओपीडी खुलने की जानकारी नहीं है और कुछ मरीज अभी अस्पताल में जाने से डर रहे हैं। जिला एमएमजी अस्पताल में पहले दिन करीब 490 मरीजों की ओपीडी हुई, जहां सामान्य दिनों में 1,600 से ज्यादा मरीज अस्पताल में जांच कराने आते हैं। जिला एमएमजी अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि पहले दिन काफी मरीजों की ओपीडी हुई थी। इसमें कुछ मरीज सांस फूलने की परेशानी के भी थे, जो पहले कोरोना संक्रमित हो चुके थे। अलग-अलग बीमारियों के चिकित्सकों की ओपीडी भी चल रही थी।
















