ऑपरेशन कायाकल्प: नवनिर्वाचित प्रधानों को प्रशासन ने किया जागरूक

-19 पैरामीटर से संबधित बिंदुओ से कराया अवगत

गाजियाबाद। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में विकास क्षेत्र रजापुर के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों का ऑपरेशन कायाकल्प के तहत उन्मुखीकरण कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। जिला विकास अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी तथा खंड शिक्षा अधिकारी, रजापुर किरण यादव की अध्यक्षता में ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर से संबंधित नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के उन्मुखीकरण के लिए ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान, एसआरजी, एआरपी, समस्त ग्राम विकास अधिकारी और शिक्षक संकुल द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक का संचालन एसआरजी गाजियाबाद पूनम शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें कायाकल्प संबंधित लघु फिल्म व पीपीटी के माध्यम से सभी को कायाकल्प के 19 पैरामीटर के विषय में जागरूक किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी रजापुर द्वारा सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों का स्वागत कर सभी पैरामीटर्स को पीपीटी के माध्यम से विस्तार से समझाया गया। निखत अंजुम सहायक अध्यापक ने पीपीटी के माध्यम से कम्पोजिट विद्यालय कल्लगढ़ी में कायाकल्प के तहत हुए कार्यों को विस्तार से वर्णित किया। जिला विकास अधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों को ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कार्य कराने के लिए प्रेरित किया तथा उन्हें नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दी। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी रजापुर द्वारा समस्त प्रतिभागियों का आभार व्यक्त कर बैठक का समापन किया गया। बैठक में एसआरजी विनीता त्यागी, एआरपी आरती वर्मा व तकनीकी सहायक रमन भी मौजूद रहे।