गाजियाबाद। ऑटो और बुलेट चालकों द्वारा तेज ध्वनि में पटाखा छोडऩे और म्यूजिक सिस्टम बजाने के खिलाफ जिले में ऑपरेशन साइलेंस शुरू किया गया है। यातायात पुलिस ने ऑपरेशन साइलेंस अभियान के तहत गुरूवार को 42 वाहनों के चालान किए। यह कार्रवाई शहरी क्षेत्र के अलावा कस्बों में जारी रहेगी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि ऑपरेशन नकेल, ऑपरेशन तिगड़ी, जुगाड़, ब्लैक कैट और ऑपरेशन साइलेंस चलाए जाएंगे। यह ऑपरेशन रोजाना रोस्टर के अनुसार चलेंगे। बिना यूनिक आईडी के संचालित ऑटो व टैम्पो को जब्त किया जाएगा। ऑपरेशन साइलेंस के तहत बुलेट से पटाखा छोडऩे, ऑटो चालकों द्वारा तेज आवाज में म्यूजिक बजाने और अन्य वाहनों में तेज प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने पर कार्रवाई की गई। वृद्ध, बच्चों व बीमार नागरिकों को तेज आवाज से परेशानी होती है। ऑपरेशन तिगड़ी के तहत दो पहिया वाहन पर 3 सवारी बैठने पर 16 वाहनों के चालान बनाए गए। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि ऑपरेशन के तहत कार्रवाई कर 42 वाहनों के चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किए गए। बुलेट पटाखा के 9, ऑटो चालकों के 28 चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के तहत चालान को अन्य प्रकार के ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर 1327 वाहन चलाकों के चालान कर 2 लाख 19 हजार 500 जुर्माना वसूला गया। जबकि बगैर यूनिक नंबर और बगैर परमिट के ऑटो यूपी-37 आदि के संचालन पर 13 वाहनों को मौके पर सीज करने की कार्रवाई की गई।
















