गाजियाबाद। सर्द मौसम में गोवंश की सेहत का नगर निगम ने भरपूर ध्यान रखा है। तापमान में तेजी से कमी आने और ठंड का प्रकोप बढऩे पर नगर निगम ने नंदी पार्क की व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर दिया है। वहां रखे गए गोवंश को ठंड से बचाने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। विभागीय अधिकारी भी समय–समय पर नंदी पार्क का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। गोवंश को ठंड से बचाने के साथ-साथ मौसम के अनुसार उनकी खुराक पर भी ध्यान दिया जा रहा है। खुराक में गुड़ को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा गोवंश की देखभाल एवं समय पर खुराक उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारी भी पूरी शिद्दत के साथ डयूटी निभा रहे हैं। नगर निगम द्वारा संचालित नंदी पार्क में गोवंश की देखभाल और खान-पान में किसी प्रकार की कमी न रहे, इस पर पूरा फोकस रखा गया है।
गोवंश को ठंड से बचाने के पुख्ता उपाय
मौसम का मिजाज एकाएक बदल चुका है। तापमान में कमी आने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम के मिजाज को देखकर नगर निगम ने शहर में जगह-जगह आश्रय स्थलों में सुविधाएं बढ़ाई हैं। इसी क्रम में नंदी पार्क में भी गोवंश की सुविधा का ख्याल रखा जा रहा है। नंदी पार्क में रखे गए गोवंश को सर्दी से बचाने के लिए तिरपाल, कंबल एवं अलाव इत्यादि की व्यवस्था कर दी गई है। नगर निगम के सिटी जोन के अंतर्गत नंदी पार्क संचालित है। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखकर मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नंदी पार्क में गोवंश की देखभाल और खान-पान को लेकर विशेष दिशा-निर्देश हैं। मेयर और नगरायुक्त के दिशा-निर्देश का पालन कराया जा रहा है।
खान-पान पर भी पूरा ध्यान
नंदी पार्क में इस समय 1500 गोवंश हैं, जिनमें सांड़, गाय एवं बछड़े शामिल हैं। सड़कों पर आवारा घूमते पशुओं को पकड़ कर नंदी पार्क में लाया जाता है। वहां गोवंश को रखने की समुचित व्यवस्था की गई है। नंदी पार्क में गोवंश के लिए बनाए गए सभी बाड़ों को चारों तरफ से तिरपाल लगाकर कवर कर दिया गया है ताकि ठंडी हवाओं से पशुओं को परेशानी न हो सके। गोवंश की खुराक में गुड़ को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके अतिरिक्त रात के समय अलाव जलाया जा रहा है। नंदी पार्क में इस समय पचास कर्मचारी कार्यरत हैं।
आवारा पशुओं की सूचना दें नागरिक

सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे में नगर निगम ने नंदी पार्क में गोवंश को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। सर्दी के कारण गोवंश को कोई परेशानी न हो, इसे लेकर हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि सड़कों पर आवारा घूमते पशुओं की बावत वह नगर निगम को सूचना दें ताकि निगम द्वारा इन पशुओं को नंदी पार्क में रखकर सेवा की जा सके। नागरिकों को सड़क पर जहां-तहां आवारा पशुओं को खाना भी नहीं डालना चाहिए। सड़कों पर पशुओं के घूमने से दुर्घटना का खतरा रहता है। आवारा पशुओं की धरपकड़ के लिए नगर निगम निरंतर अभियान चला रहा है।
डॉ. अनुज कुमार सिंह
उप मुख्य पशु चिकित्सक एवं कल्याण अधिकारी
नगर निगम गाजियाबाद















