एआईएमआईएम सुप्रीमो बोले, अल्पसंख्यक वोट किसी के बंधक नहीं
गाजियाबाद। गाजियाबाद में चुनावी माहौल गरमाने के लिए रविवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी पहुंचे। साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र के शहीद नगर में जाकर ओवैसी ने एआईएमआईएम प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क कर वोट मांगे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मतदाता सोच समझकर मतदान करेगा। यह मतदाता किसी का बंधक नहीं है। सांसद ओवैसी ने भाजपा और योगी सरकार पर भी निशाना साधा। यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
इसके अलावा गृह राज्यमंत्री पर अब तक कार्रवाई न होने पर नाराजगी जाहिर की। साहिबाबाद सीट से एआईएमआईएम ने मनमोहन झा को उम्मीदवार बनाया है। झा के समर्थन में जनसंपर्क करने रविवार को शहीद नगर पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी को देखने और मिलने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में कोरोना प्रोटोकॉल का जमकर मखौल उड़ा। ओवैसी ने भीड़ से बचते-बचाते घर-घर जाकर वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मतदाता किसी का बंधक नहीं है। वह सोच-समझकर वोट देगा।
एआईएमआईएम चीफ ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि गृह राज्यमंत्री पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मौजूदा 30 प्रतिशत विधायकों पर केस दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था अच्छी नहीं है। 45 फीसदी उम्मीदवारों का टिकट काट दिया गया है। जनसंपर्क के दौरान भीड़ बढ़ने और धक्का-मुक्की होने पर ओवैसी ने शहीद नगर में ज्यादा समय नहीं दिया।
अव्यवस्था को देखकर वह शहीद नगर से लोनी के लिए रवाना हो गए। दोपहर 2 बजे ओवैसी ने लोनी की अल्वी नगर कॉलोनी जाकर वोट मांगे। उन्होंने कार में बैठ कर अल्वी नगर, डाबर तालाब और कासिम विहार कॉलोनी में जनता से एआईएमआईएम प्रत्याशी को वोट करने की अपील की। ओवैसी अब 5 फरवरी को पुन: लोनी का दौरा करेंगे। बता दें कि कुछ दिनों पहले मुरादनगर में आगमन के दौरान भी ओवैसी को भीड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा था।















