कोरोना संकट में ऑक्सीजन की किल्लत जल्द होगी दूर, औद्योगिक ईकाईयों में उद्यमी लगाएंगे 7 ऑक्सीजन प्लांट

-होम आईसोलेशन में रहने वालों को जरूरी दवा पहुंचाएंगे जोमैटो-स्वीगी के डिलीवरी बॉय

गाजियाबाद। कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलते प्रकोप के चलते जिले में हालात बदत्तर होते जा रहे है। अस्पतालों में जहां कोरोना संक्रमितों को बेड उपलब्ध नहीं हो रहे है, वहीं, ऑक्सीजन की भारी किल्लत लगातार जारी है। ऑक्सीजन की भारी किल्लत को दूर करने के लिए अब उद्यमी औद्योगिक ईकाईयों में 7 ऑक्सीजन प्लांट लगाएंगे। शुक्रवार को जिले के नोडल अधिकारी डॉ.सेंथिल पांडियन सी ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश, सीडीओ अस्मिता लाल, नगर आयुक्त महेेंद्र सिंह तंवर, सीएमओ, एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह, डा. आरके गुप्ता, भारत इलेक्ट्रॉनिक के प्रतिनिधि, उद्यमी, लीड बैंक के एलडीएम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य एवं प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण काल में अब औद्योगिक इकाईयां बचाव के लिए आगे आने लगी है। नोडल अधिकारी ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए कोविड अस्पतालों में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑक्सीजन प्लांट लगाने और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराने का आहवान किया। औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधि ने जिले में तीन ऑक्सीजन प्लांट जिला एमएमजी अस्पताल अस्पताल और 4 प्लांट जिले के चारों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प लगाने और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराने की सहमति प्रशासन को दे दी हैं। ताकि कोरोना संक्रमित मरीजों को समय से ऑक्सीजन उपलब्ध हो सके। नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी ने कहा कि जिला प्रशासन को इस वक्त में साथ देने वाले और सेवाभाव करने वालों का धन्यवाद करते हैं। कोरोना संक्रमण से संबंधित जो भी व्यक्ति मदद करना चाहते है वह एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव से संपर्क कर सकते है। प्रभारी जिलाधिकारी एवं सीडीओ,सीएमओ से भी संपर्क कर सकते हैं।
होम आईसोलेशन में जरूरी दवा पहुंचाएंगे जोमैटो-स्वीगी
कोरोना संक्रमण के चलते जिले में होम आइेसोलेशन में रहने वाले लोगों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने बेहतर तालमेल के साथ कोविड पर काबू पाने के लिए नई पहल की है। घर पर भोजन की आपूर्ति करने वाली संस्थाएं जोमैटो और स्वीगी का स्टाफ फूड डिलीवरी के साथ ही होम आईसोलेशन में रह रहे लोगों को जरूरी दवाओ की किट भी पहुंचाएगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में जिले के नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियन सी ने सीडीओ अस्मिता लाल,अपर नगर मजिस्टे्रट प्रथम खालिद अंजुम के साथ हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया। जनपद में संचालित निजी लेब्रोरेटरीज के नेटवर्क का इस्तेमाल मेडिकल किट का वितरण कराने में किया जाएगा। जिले में संचालित लेब्रोरेटरीज संचालकों के साथ कोविड-19 नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी एवं मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने बैठक की। बैठक में लेब्रोरेटरीज संचालकों को आवश्यक दवाईयों के नेटवर्क से जोड़ा गया है। नोडल अधिकारी सेंथिल पांडियन सी के सुझाव पर यह निर्णय लिया गया कि जिले की लैब में आने वाले लोगों के द्वारा कोविड जांच का सैंपल दिए जाते समय एवं होम सैम्पलिंग के समय निजी लेब्रोरेटरीज के स्टाफ से मेडिकल किट का वितरण कराया जाएगा। मेडिकल किट कोविड संदिग्ध लोगो को स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क दी जा रही है। सभी लैब संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे सैंपल देने वाले लोगों का विवरण भी रखेंगे। यह विवरण लैब की ओर से प्रतिदिन प्रभारी अधिकारी को भेजा जाएगा। नोडल अधिकारी ने आहवान किया कि शासन की यह मंशा के अनुरूप कोरोना संक्रमण से प्रभावित लोगों को शुरुआती स्तर पर ही चिकित्सा का लाभ मिल जाए। इस कार्य में मैट्रो पोलिस हैल्थकेयर,पैथकाइंड लैब, डा. चोपड़ा पैथ क्लीनिक,कोर डाईग्नोस्टिक, नरेंद्र मोहन हॉस्पिटल,वृंदा डाइग्नोस्टि क,वरदान मल्टिस्पेश्यिलटी हास्पिटल,डॉ.लाल पैथ लैब द्वारा सहयोग प्रदान करने हेतु सहमति प्रदान कर दी गई। नोडल अधिकारी ने मेडिकल किटों के वितरण को सुलभ बनाए जाने के उद्देश्य से होम आईसोलेशन में रह रहे लोगों को फूड डिलीवरी सस्थाओं जोमैटा,स्वीगी, जैन मलाई चाप के जरिए भोजन की डिलीवरी के साथ मेडिकल किटों का वितरण भी कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। कोरोना संक्रमित होम आईसोलेशन में रह रहे लोगों को इनके माध्यम से दवाईयों का वितरण नि:शुल्क कराया जाएगा।