पंचायत चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक कराए संपन्न: डीएम

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर डीएम ने की समीक्षा

गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में डीएम ने कहा कि जनपद में सभी 311 मतदान केंद्रों पर पंचायत निर्वाचन का कार्य स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक ढंग से पूर्ण हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी युद्धस्तर पर चौपाल लगाकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ 107/16 की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ करें। डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में असलहा जमा कराने की कार्यवाही उनके द्वारा की जा रही है। इस कार्य में तेजी लाकर आगामी 15 दिनों में आयोग की मंशा के अनुरूप संबंधित स्थलों के असलाह को जमा कराने की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समीक्षा कर पाया कि जनपद में कुल 311 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 132 मतदान केंद्र को अति संवेदनशील प्लस श्रेणी में रखा गया है। 114 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील एवं 57 मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में नामित किया गया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने सभी अति संवेदनशील प्लस, अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कुशलतापूर्वक निर्वाचन का कार्य आयोग की मंशा के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में मतदान केंद्रों का संयुक्त रूप से निरंतर भ्रमण सुनिश्चित किया जाए ताकि जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर आगामी पंचायत निर्वाचन का मतदान निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्वक ढंग से पूर्ण हो सके।