पैरेंट्स एसोसिएशन ने की डीआईओएस से मुलाकात, शासनादेश लागू कराने की मांग

गाजियाबाद। ऑल स्कूल पेरेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरूवार को नवनियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी से उनके ऑफिस में मुलाकात कर स्कूलों में शासनादेश लागू करने की मांग की। एसोसिएशन की अध्यक्ष शिवानी जैन एवं महासचिव सचिन सोनी ने तमन्ना खन्ना, अजय मित्तल, राहुल जैन, मनोज खन्ना, सुनील कुमार, केशव दत्त आदि की मौजूदगी में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी का स्वागत किया। अध्यक्ष शिवानी जैन ने डीआईओएस को अवगत कराया कि वर्ष-2020 में शासन से अनेकों ऐसे आदेश पारित हुए है जिनमें की बच्चों की ऑनलाइन क्लास न रोके जाने व स्कूलों से नाम न काटे जाने के लिए कहा गया है,मगर स्कूलों में बच्चों की ऑनलाइन पढा़ई,परीक्षा परिणाम रोकना व बच्चों को अगली क्लास में प्रमोट न करना आम बात रही हैं। परिणाम स्वरूप अनेकों अभिभवकों ने अपने बच्चों के निजी स्कूलों से नाम कटवा कर सरकारी स्कूलों में दाखिले करा लिए है। महासिचव सचिन सोनी ने अवगत कराया कि स्कूल बंद होने के चलते फीस का निर्धारण उन मदों को हटा कर किया जाना है। जिन मदों का उपयोग स्कूल बंद होने पर उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। इसके बाद भी स्कूलों में वर्ष-2019-20 में ली जाने वाली फीस की मांग की जा रही है। अगर कोई अभिभावक स्कूल से शासनादेश का अनुपालन में फीस निर्धारण की मांग करता है तो उसे बताया जाता है कि वो फीस निर्धारण कानून के अनुसार कंपोजिट फीस ही ले रहे हैें। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी ने आश्वासन दिया कि स्कूलों में शासनादेश का पालन कराया जाएगा।