-नगर आयुक्त ने किया वेस्ट टू वंडर पार्क का शुभारंभ
-वेस्ट टू वंडर पार्क शहर वासियों को दे रहा मोटिवेशन: नगर आयुक्त
गाजियाबाद। जिस सामान को लोग उपयोग करने के बाद कूड़ा समझकर फेंक देते है, उसी कूड़े को नगर निगम ने उपयोगी बना दिया है। नगर निगम ने कूड़े से आकर्षण की वस्तु बनाकर शहर का सौंदर्यीकरण बढ़ाने के लिए शहर के मुख्य स्थानों पर लगा दिया है। लोग जिस बोतल, प्लास्टिक के डिब्बे, ड्रम व टायरों का प्रयोग करके कूड़े में फेंक देते है। नगर निगम उसी वेस्ट से पार्क में पौधारोपण कर रहा है। नगर निगम की यही मुहिम शहर की सुंदरता में चार-चांद लगाने का काम कर रही है। मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने राजनगर सेक्टर-14 में विकसित किए गए विश्वनाथ पार्क का लोकार्पण किया। इस पार्क की खासियत यह है कि वेस्ट मैटेरियल से पार्क को सजाया गया है। विश्वनाथ पार्क को संवारने के बाद नगर आयुक्त हर जोन में ऐसे दो पार्क तैयार करने की योजना बना रहा है। ये पार्क चिन्हित भी कर लिए गए हैं और जल्द ही इनमें काम भी शुरू हो जाएगा।
खराब चीजों का उपयोग करते हुए संवारे गए राजनगर सेक्टर – 14 के इस पार्क को वेस्ट टू वंडर पार्क का नाम दिया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि वेस्ट से बेस्ट की मुहिम को गाजियाबाद नगर निगम द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। क्षेत्रीय पार्षद प्रवीण चौधरी ने गाजियाबाद नगर निगम के वेस्ट टू वंडर पार्क के बारे में विस्तार से क्षेत्र वासियों को बताया। राजनगर सेक्टर- 14 विश्वनाथ मंदिर के पार्क में वेस्ट से बेस्ट मुहिम को बढ़ावा देते हुए वेस्ट टू वंडर पार्क बनाया गया है। मंदिर विश्वनाथ समीप होने के चलते वेस्ट टू वंडर पार्क को म्जूजिकल थीम दी गई है। पार्क में वेस्ट का उपयोग करते हुए सितार, डमरू, तबला व अन्य म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट बनाए गए हैं। नगर आयुक्त तथा सभी पार्षदों ने मिलकर रिबन काटते हुए औपचारिक तौर पर वेस्ट टू वंडर पार्क को क्षेत्र वासियों के हवाले कर दिया।
इस मौके पर नगर आयुक्त ने उपस्थित सभी पार्षदों तथा क्षेत्र वासियों को शुभकामनाएं दीं और अपने घर में सृजित होने वाले वेस्ट से बेस्ट बनाने के लिए मोटिवेट भी किया। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर वासियों से गीला तथा सूखा कचरा अलग-अलग करने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्षद मनोज त्यागी, अमित त्यागी, प्रवीण चौधरी, आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, चीफ इंजीनियर एनके चौधारी, हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन एनजीओ की नमिता शर्मा व उनकी टीम उपस्थित रही। एनजीओ की टीम ने स्थानीय लोगों को इस वेस्ट टू बेस्ट मुहिम से जोड़े में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


















