-लॉकडाउन को सफल बनाने को सड़को पर मुस्तैद रही पुलिस, सड़क पर उतरे एसएसपी
गाजियाबाद। जनपद में रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन के कारण नागरिक सब्जी-फलों के लिए भी तरस गए। दरअसल सब्ली एवं फलों की बिक्री पर भी दिनभर रोक रही। लॉक डाउन के कारण बाजारों से लेकर सड़कों तक सन्नाटा पसरा रहा। कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए यह कवायद की गई। 35 घंटे के लॉकडाउन को सफल बनाने को पुलिस सड़कों पर मुस्तैद रही। बगैर मास्क के घूमने वालों के जमकर चालान किए गए।
पुलिस ने जहां सख्ती दिखाकर वाहन चालकों के चालान किए, वहीं डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक भी खुद सड़कों पर उतरें। साप्ताहिक बंदी के दौरान जिले में भ्रमण कर एसएसपी अमित पाठक ने एसपी और सीओ के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क, सैनिटाइजर भी वितरित किए। उधर, सुरक्षित रहकर बचाव कर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। लॉकडाउन के कारण नगर निगम और अग्निशमन विभाग की गाडिय़ों ने विभिन्न क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन के लिए अभियान चलाया।
बाजारों से लेकर प्रतिष्ठानों में रविवार दिन से लेकर रात में ताले लटके रहे। वहीं, जिले में शहर से लेकर कस्बों और शहर में सड़कें सूनी रहीं। लोगों के वाहनों में चलने पर चेकिंग करते हुए चालान किए गए। कई इलाकों में सड़कें सूनी रही। पुलिस ने चेकिंग प्वाइंट से लेकर बाजारों और प्रतिष्ठानों के आसपास सख्ती दिखाई दी। वहीं, शराब की दुकानें भी पूर्ण रूप से बंद रखी गई। पुलिस की सख्ती के चलते बाजार और प्रतिष्ठान बंद रहे।
सप्ताह के अंत में 35 घंटे का लाकडाउन लागू होने से आज सोमवार की सुबह 7 बजे के बाद ही प्रतिष्ठान,बाजार,मंडी,ऑफिस आदि खुल सकेंगे। इसका अबआयोजनों पर अच्छा खासा असर पड़ेगा।सोमवार की सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन में सिर्फ आवश्यक कार्य से जुड़े लोगों को ही आवागमन में छूट दी गई। शनिवार को जहां जिले में 250 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं,रविवार को भी 253 कोरोना संक्रमित पाए गए। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 30,465 तक पहुंच गया है। जबकि 27,764 ठीक हो चुके हैं। वहीं,रविवार को 2 कोरोना संक्रमित की मौत होने के बाद आंकड़ा-106 तक पहुंच गया। कोरोना के सक्रिय केस 2595 तक है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा कि सप्ताह में शनिवार की रात 8 बजे से सोमवार की सुबह 7 बजे तक अग्रिम आदेश तक लॉकडाउन रहेगा। रविवार को जिले में पूर्ण रूप से लॉकडाउन रहा। प्रदेश सरकार के आदेश पर 35 घंटे का लॉकडाउन लागू किए जाने के चलते प्रशासन-पुलिस ने इसका शत-प्रतिशत पालन कराया। इसके लिए पहले से ही सभी एसडीएम, सीओ, थाना प्रभारी से लेकर चौकी प्रभारी को दिशा-निर्देश दिए गए थे।
बेवजह बाहर निकले लोगों को पुलिस ने सिखाया सबक:
लॉक डाउन में बेवजह बाहर निकले वाहन चालकों को पुलिस ने अच्छा सबक सिखाया। रविवार को देर रात तक जिलभर में बगैर मास्क के घूम रहे लगभग 2700 नागरिकों को पकड़ कर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। एसएसपी अमित पाठक के आदेश पर जिले के सभी 20 थाना क्षेत्रों में पुलिस ने देर रात तक यह कार्रवाई की। वहीं, इनमें से 1100 लोग तो रात्रि कफ्र्यू में भी बिना मास्क के घूमते पाए गए।
पुलिस के कोरोना सेल से मिली जानकारी के तहत पंचायत चुनाव के बाद लॉकडाउन में कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी और एसपी सिटी के खुद सड़क पर उतर जाने के बाद सभी थानों की पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस ने भी बिना मास्क के घूमने वालों के खिलाफ सख्ती कार्रवाई की। 24 घंटे के अंदर ही लगभग 2700 लोगों के चालान काटे गए। इनसे करीब 2.55 लाख 850 रुपए जुर्माना वसूला गया। शहर क्षेत्र में करीब 2000 के चालान किए गए हैं। वहीं देहात में 700 लोगों का चालान किया गया।
इसी प्रकार ट्रैफिक पुलिस ने बिना मास्क लगाए वाहन चलाते हुए 13 लोगों के चालान किए हैं। पुलिस ने लोगों के 1 हजार रुपए के चालान काटे। जिनके पास पैसे नहीं थे, उन्हें मौके पर ही दंडित किया गया। हालांकि पुलिस ने इन सभी लोगों को चेतावनी दी गई है कि अगली बार से 1000 रुपए का चालान किया जाएगा। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि बगैर मास्क के पकड़े जाने पर पहली बार में एक हजार रुपए और दूसरी बार में 10 हजार रुपए का चालान काटने के निर्देश दिए गए है। शासन से आदेश आने के बाद इसके तहत कार्रवाई की जा रही हैं।
















