जीडीए की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा मूल्य वृद्धि का प्रस्ताव
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जीडीए द्वारा निर्मित किए जाने वाले ईडब्ल्यूएस भवनों की अब 2 लाख रुपए ज्यादा यानि कि 6.50 लाख रुपए तक कीमत बढ़ जाएगी। जीडीए 18 फरवरी को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में पीएम आवास योजना के तहत बनाए जाने वाले भवनों की कीमत बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव रखेगा। बोर्ड बैठक से इस प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा। शासन से अनुमोदन होने के बाद भवनों की कीमत बढ़ा दी जाएगी। इसका सीधा भार आवंटियों पर पड़ेगा। जीडीए के चीफ इंजीनियर विवेकानंद सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जीडीए और बिल्डरों द्वारा करीब 10 हजार ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इन भवनों की पहले 4.50 लाख रुपए कीमत थी, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 6.50 लाख रुपए हो जाएगी। इन भवनों पर केंद्र सरकार 1.50 लाख रुपए और प्रदेश सरकार 1 लाख रुपए की सब्सिडी दे रही है। जबकि आवंटी को पहले 2 लाख रुपए देने थे। लेकिन भवनों की कीमत बढऩे के बाद अब आवंटियों को 2 लाख रुपए अधिक देना पड़ेगा। जीडीए के चीफ इंजीनियर विवेकानंद सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जीडीए द्वारा डासना में 432 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण, नूरनगर में 480 भवनों का निर्माण, निवाड़ी में जंगलों के बीच 528 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण के अलावा विजय नगर क्षेत्र में प्रताप विहार में 1250 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण किया जा रहा है। डासना और निवाड़ी में भवनों का निर्माण शुरू हो चुका हैं। जीडीए और बिल्डरों को मिलाकर करीब 10 हजार ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इन सभी भवनों की अब कीमत बढ़ाई जाएगी। जीडीए की बोर्ड बैठक में पीएम आवास योजना के तहत बनाए जाने वाले नए भवनों की कीमत 6.50 लाख रुपए हो जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निवाड़ी में यह जीडीए का 5वां प्रोजेक्ट होगा। जीडीए ने निवाड़ी में जमीन पर कब्जा ले लिया हंै। वहीं, नूरनगर में 480 भवनों के निर्माण से पहले डिमांड सर्वे किया था। डिमांड सर्वे में भवनों के मुकाबले तीन गुना से अधिक आवेदन आए। नूरनगर में भवनों का निर्माण करने के लिए नवंबर-2022 समय सीमा तय की गई है। वहीं, प्रताप विहार में 1250 और डासना में 432 पीएम आवास का निर्माण कार्य जारी है। जीडीए के चीफ इंजीनियर ने बताया कि मधुबन-बापूधाम योजना मेंं बनाए जा रहे 856 ईडब्ल्यूएस भवनों पर नई कीमत लागू नहीं होगी। इन्हें पुरानी कीमत पर ही आवंटियों को आवंटित किया जाएगा। जुलाई 2021 तक इन भवनों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि जीडीए ने पिछले साल शासन से 22 हजार ईडब्ल्यूएस भवनों की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट स्वीकृत हो चुकी है। लेकिन अब भवनों की डिमांड कम होने के चलते करीब 10 हजार भवन ही निर्मित किए जाएंगे।
















