देश के प्रति प्रेम बढ़ाएगा पीएम मोदी का हर घर तिरंगा अभियान

-सोशल चौकीदार ने राष्ट्र ध्वज निशुल्क बांटने का किया ऐलान

गाजियाबाद। भारत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रयास सराहनीय है। क्योंकि लोगों के हृदय में राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा जागृत होगी। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए हर राष्ट्र भक्त को आगे आना चाहिए। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से सोशल चौकीदार ट्रस्ट ने भी निर्णय लिया है कि जिन लोगों को राष्ट्रीय ध्वज की आवश्यकता है वो 10 अगस्त से 14 अगस्त तक कविनगर ई ब्लॉक-107 एवं संत विनोबा भावे पार्क, बी0 ब्लॉक लोहिया नगर से नि:शुल्क प्राप्त कर सकते है। सोशल चौकीदार ट्रस्ट के संस्थापक के.के. शर्मा ने कहा हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति लोगों के मन में प्रेम बढ़ाएगा। हर घर तिरंगा लहराएगा देश भक्ति का अनूठा नजारा सामने आएगा। सभी को अपने घरों पर तिरंगा लहराना चाहिए। शासन-प्रशासन स्तर से लेकर सामाजिक संगठन भी अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए है।

इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में जनजागरूकता के लिए रैली निकल रही है, हाथों पर मेहंदी से तिरंगा बनाकर लोगों का जागरूक किया जा रहा है। आव्हान किया जा रहा है कि सभी अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज जरूर फहराएं। इसी उद्देश्य के साथ तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए निशुल्क राष्ट्रीय ध्वज वितरण किया जा रहा है। जिससे लोग जागरुक बने। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा राष्ट्रीय ध्वज साथ लेकर प्रभात फेरी निकाले, जिससे लोगों में देश भक्ति की भावना जागृत हो। इस अभियान के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के संबंध में जागरूकता लाने तथा उनके आचरण में देशभक्ति की भावना जागृत की जाएगी। इस अभियान का हिस्सा बने और घरों पर ससम्मान राष्ट्रीय ध्वज को फहराये।