गाजियाबाद। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए केंद्रीय तीनों कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर पिछले 6 माह से किसान आंदोलन की अगुआई कर रहे भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो और मैसेज भेजने के साथ गाली एवं धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी मुजफ्फरनगर निवासी इंजीनियर जितेंद्र कुमार है। कौशांबी थाना पुलिस ने उसे दिल्ली के जनकपुरी से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बताया कि सड़क जाम होने से परेशान होकर उसने चौधरी राकेश टिकैत को जान से मारने की धमकी दी थी। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत को वाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजने वाले इंजीनियर ने गालियां और धमकी दी थी। इस मामले में भाकियू के कार्यकर्ता प्रज्जवल त्यागी ने कौशांबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि चार अप्रैल से 26 मई तक एक मोबाइल नंबर से राकेश टिकैत को वाट्सएप पर संदेश आए हैं। उसमें उन्हें गालियां दी गई हैं। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित जितेंद्र कुमार को जनकपुरी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि इससे पहले भी चौधरी राकेश टिकैत को तीन बार फोन पर जान से मारने की धमकी और गालियां मिल चुकी है।















