-2524 लोग मुचलका पाबंद, गड़बड़ी करने पर रेड कार्ड होंगे जारी
गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने भी गंभीरता दिखाई है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा-107/16 के तहत जिलेभर में 7014 लोगों पर कार्रवाई की है। इनमें से 2524 लोगों को मुचलका में पाबंद किया गया है। इन सभी को रेड कार्ड जारी किया जाएगा। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि पंचायत चुनाव में गड़बड़ी एवं विवाद की आशंका के चलते 7014 लोगों पर कार्रवाई कर 2524 लोगों को मुचलका में पाबंद किया गया है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए थाना क्षेत्रवार ग्रामीणों के साथ बैठक की जा चुकी है। पंचायत चुनाव में गड़बड़ी करने वालों को रेड कार्ड जारी किया जाएगा। चुनाव से पहले उन सभी लोगों को पाबंद किया गया। चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका है। जिले मेंं अभियान चलाकर ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। इसके लिए थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अराजक तत्वों का डेटा तैयार करने के निर्देश दिए गए है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद चिन्हित किए गए सभी लोगों को सीआरपीसी की धारा 107/16 के तहत नोटिस जारी किए जा रहे हैं। वहीं, नोटिस मिलने के बाद ये सभी लोग अपने क्षेत्र के एसडीएम कार्यालय में हाजिर होकर चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने का शपथ पत्र देकर मुचलका भरेंगे। चुनाव में जो लोग गड़बड़ी करते पाए जाएंगे, उन्हें पुलिस की ओर से रेड कार्ड दिया जाएगा। पंचायत का चुनाव ग्रामीण क्षेत्र में ही होगा। इसलिए पुलिस अराजक तत्वों को पाबंद करने की कार्रवाई कर रही है। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पुलिस उन लोगों की अभी से निगरानी करने जा रही है जो अपने उम्मीदवार के समर्थन में मतदाताओं को डरा-धमका सकते हैं। पुलिस के अनुसार इस तरह के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। जिले में ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है जो चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे सभी लोगों को मुचलका में पाबंद किया जाएगा।















