बाबा साहेब की 130 वीं जयंती पर राजनीतिक दलों ने किया याद

-वंचित व शोषित वर्ग को बाबा साहेब ने किया सशक्तसाल

गाजियाबाद। संविधान निर्माता बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर की जयंती बुधवार को सादे समारोह में मनाई गई। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया। वैश्विक महामारी नोवेल कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण कहीं पर कोई बड़ा कार्यक्रम का आयोजन नहीं हुआ। बुधवार को नवयुग मार्किट स्थित बाबा अम्बेडकर की 130 जंयती पर राज्यमंत्री अतुल गर्ग, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, दर्जा प्राप्त मंत्री बलदेव राज शर्मा, पूर्व अध्यक्ष चंद्रमोहन शर्मा, विजय मोहन, कुलदीप त्यागी, सरदार एसपी सिंह, दिवाकर सिंघल, पंडि़त गुंजन शर्मा, ठाकुर प्रिंस राठौर, सुशील गौतम ने संयुक्त रूप से उनकी प्रतिमा पर माल्यपर्ण किया। राज्य मंत्री अतुल गर्ग और भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि बाबा साहब हम सबके प्रेरणा स्रोत रहे। जिन्होंने हमें संविधान दिया। ऊंच-नीच की दीवार खत्म की। जीने का सलीका सिखाया। भारत रत्न बाबा साहेब ने समाज के वंचित व शोषित वर्ग को शिक्षित एवं सशक्त करने का काम किया है। देश को न्याय व समता पर आधारित एक ऐसा प्रगतिशील संविधान दिया, जिसने देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया। बाबा साहेब के जीवन व विचार से लोगो को प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। जिलाध्यक्ष ने कहा समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए किया गया उनका संघर्ष हर पीढ़ी के लिए एक मिसाल बना रहेगा। कार्यक्रम में यामीन मलिक, अमोल वशिष्ट, अकबर चौधरी, एहसान अली, विजय चौधरी, श्रुति कुमारी, माया देवी, राजाराम भारती, सनी पांचाल, महेंद्र गौतम, मोहम्मद हनीफ चीनी, दिनेश शर्मा मौजूद रहे। जिला एवं महानगर समाजवादी पार्टी द्वारा समाजवादी पार्टी कार्यालय 4, आरडीसी राजनगर में कार्यकतार्ओं ने श्रद्धेय बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आह्वान किया है सभी लोग 14 अप्रैल 2021 को डॉ अम्बेडकर दीपोत्सव पर एक दीया जरूर जलाएं और प्रेरणा ले कि बाबा साहेब के रास्ते पर चलने का प्रयास करेंगे। इस दौरान आरिफ चौधरी, शशि वर्मा, अजय कुमार, राजीव कश्यप, संजीव चौधरी, हिमांशु पाराशर, किशन पाल यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उधर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी समसुद्दीन राही और जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जाटव के अलावा अन्य बसपा कार्यकतार्ओं ने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का जीवनभर काम किया। इस दौरान सभी से उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया गया।