गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में प्रदूषण की रोकथाम के लिए कदम उठाए गए हैं। वहां प्रदूषण से निपटने के लिए एंटी स्मॉग गन लगवाई गई है। स्मॉग गन के जरिए समय-समय पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। स्मॉग गन की खरीद पर 12 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। शहर में वायु प्रदूषण निरंतर बढ़ रहा है। इससे लोगों का बुरा हाल है। जिला प्रशासन, नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी प्रदूषण की रोकथाम के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रदूषण पर नियंत्रण पाने में कामयाबी नहीं मिल पा रही है।
नगर निगम ने अब प्रदूषण से निपटने के लिए एंटी स्मॉग गन खरीदी है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर यह एंटी स्मॉग गन मशीन खरीदी गई है। इनमें से तीन से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। निगम मुख्यालय की छत पर भी एक एंटी स्मॉग गन रखी गई है। पानी का छिड़काव कर वहां उडऩे वाली धूल को समाप्त किया जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार ने बताया कि एक या दो दिन में एंटी स्मॉग गन को चालू करा दिया जाएगा। वहीं, कुछ पार्षदों का कहना है कि एंटी स्मॉग गन को छत पर रखने से प्रदूषण पर कैसे नियंत्रण होगा। एंटी स्मॉग गन एक ही स्थान पर चलती रहेगी। इससे कोई लाभ नहीं होगा।
















