परेशान नहीं करेंगी गड्ढा युक्त सड़कें, नगर निगम खरीदेगा अत्याधुनिक मशीन

गाजियाबाद। शहर में सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने के लिए नगर निगम महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। सड़कों के गड्ढे भरने के लिए जल्द अत्याधुनिक मशीन खरीदी जाएगी। एक करोड़ रुपए लागत की यह मशीन सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में अह्म भूमिका निभाएगी। वर्षाकाल में भी यह मशीन काम करेगी। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के मुताबिक भविष्य में शहर की सड़कों पर गड्ढा युक्त सड़कों के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का काम सुचारू ढंग से ससमय हो सकेगा।

इसके लिए अत्याधुनिक मशीन खरीदने की तैयारी चल रही है। इस मशीन की लागत 1 करोड़ रुपए है। मशीन क्रय करने को टेंडर खोला जा चुका है। 15 मई तक यह मशीन नगर निगम को मिल जाने की उम्मीद है। इसके बाद 45 दिन का अभियान चलाकर सड़कों को गड्ढा मुक्त कराया जाएगा। निगम द्वारा सड़कों पर पैचवर्क का कार्य ठेकेदार के जरिए श्रमिकों से कराया जा रहा है। पैचवर्क के लिए टेंडर छोड़ा जाता था। इन सड़कों को श्रमिक एक दिन में ज्यादा सड़कों के गड्ढे नहीं भर पाते थे। ऐसे में सड़कों के गड्ढे भरने के लिए निगम ने आधुनिक मशीन खरीदने का निर्णय लिया है।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह ने बताया कि मशीन खरीदने के लिए टेंडर खुल गया। तीन लोगों ने टेंडर डाला था। गुरुवार को इसकी फाइनेंशियल बिड खोली गई। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब 15 मई तक मशीन आने की उम्मीद है। इसके बाद सड़कों के गड्ढे भरने के लिए जोनवार शेड्यूल जारी किया जाएगा। शहर में 45 दिन का विशेष अभियान चलाकर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया मशीन से रोजाना एक सड़क पर काम होगा।

हल्की बारिश या सर्दी के दिनों में भी सड़कों के गड्ढे भरने का काम जारी रहेगा। आंधी में काम प्रभावित नहीं होगा। ज्यादा तेज बारिश आने पर ही काम बंद कराया जाएगा। मशीन आने के बाद निगम के निर्माण विभाग के अधिकारी का व्हाट्सएप नंबर जारी किया जाएगा। इस नंबर पर आम लोग सड़कों पर बने गड्ढे की फोटो भेज सकेंगे। सड़क की लोकेशन पर तत्काल मशीन भेजकर गड्ढे को भराया जाएगा। ऐसा होने से लोगों को निगम के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी।