दीपावली से पहले शहर को रोशन करने की तैयारी

लगेंगी नई लाइटें, सड़कों पर फैलाएंगी पहले से ज्यादा प्रकाश

गाजियाबाद। शहर की प्रकाश व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। सड़कों पर अब ऐसी लाइटें लगाई जाएंगी, जो पहले से ज्यादा रोशन बिखरेंगी। इसके लिए योजना तैयार की जा रही है। इसके मद्देनजर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को लाइट स्टोर का निरीक्षण किया। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर अत्यधिक रोशनी वाली लाइटें पहले से कम लागत में खरीदी गई हैं, जिससे नगर निगम के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को भी फायदा होगा। नई लाइटों को क्षेत्र में लगवाया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारी द्वारा फोटो सहित प्रतिदिन की आख्या रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी ताकि किसी प्रकार की लापरवाही ना हो सके।

अपर नगरायुक्त एवं वरिष्ठ प्रभारी प्रकाश शिवपूजन यादव ने बताया कि मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त के निर्देश पर प्रथम चरण में शहर की सभी पुरानी हाई मास्क पर लगी सोडियम लाइटों को 190 वाट की एलईडी फ्लड लाइट में परिवर्तित किया जाएगा। तदुपरांत शहर के मुख्य चौराहों की लाइटें तथा आंतरिक गलियों की लाइटों को बदला जाएगा, जिससे योजनाबद्ध तरीके से शहर में अधिकतम रोशनी देने वाली लाइटों को लगाया जाएगा। संबंधित अधिकारी प्रतिदिन शहर में लाइट परिवर्तित करने की फोटो सहित आख्या प्रस्तुत करेंगे, जिससे दिवाली से पूर्व गाजियाबाद शहर को नगर निगम द्वारा जगमगा दिया जाएगा।

प्रथम चरण में पुरानी हाई मास्क पर लगी सोडियम लाइट, 190 वाट की फ्लड लाइटों से बदला जाएगा तथा चौराहों पर लगी लाइटों को आंतरिक गलियों में भी इस्तेमाल किया जाएगा। नगर निगम द्वारा सभी जोन में लाइट व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए रोस्टर तैयार किया गया है। रोस्टर के आधार पर प्रतिदिन कार्य किया जाएगा। साथ क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा बताए गए स्थानों पर लाइट लगाई जाएंगी। पहले चरण में कविनगर जोन तथा सिटी जोन में लाइटों का काम वृहद स्तर पर किया जाएगा।