कांट्रैक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रधान जयवीर गुर्जर ने नगर आयुक्त को दी बधाई

– स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर निगम के प्रदर्शन पर जाहिर की खुशी

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रधान जयवीर गुर्जर ने स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 में गाजियाबाद नगर निगम के बेहतर प्रदर्शन पर प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने इसके लिए महापौर, नगरायुक्त, सभी पार्षदों एवं शहरवासियों को बधाई दी है। प्रधान जयवीर गुर्जर ने कहा कि नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में गाजियाबाद में काफी तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। गाजियाबाद में डंपिंग ग्राउंड नहीं है और कूड़ा निस्तारण की समस्या है। इसके बावजूद गाजियाबाद ने टॉप-20 में स्थान हासिल किया है। गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के कई बड़े शहर कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा से स्वच्छता के मामले में आगे है। इसके लिए नगर निगम के अधिकारी बधाई के पात्र हैं। मेयर आशा शर्मा, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर और नगर निगम के स्वच्छता अभियान से जुड़े सभी लोगों को नगर निगम के ठेकेदारों की तरफ से बधाई।
स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 में गाजियाबाद नगर निगम ने देश में 18वां और उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा नगर निगम को नेशनल अवार्ड भी मिला है। सफाई सुरक्षा को लेकर भी गाजियाबाद को पुरस्कार मिला। इसके अलावा अब शहर को 3 स्टार रेटिंग का दर्जा मिल गया है। इस पर कांट्रेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रधान जयवीर गुर्जर ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था में काफी सुधार आया है। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेशक गाजियाबाद ने देश में टॉप-10 में जगह नहीं बनाई, मगर जो कार्य सफाई व्यवस्था को लेकर किए जा रहे हैं, वह प्रशंसनीय हैं। मेरी शुभकामनाएं है कि अगले वर्ष गाजियाबाद टॉप-10 में अवश्य आएगा।