सेवा, सुशासन एवं कल्याणकारी सरकार, प्रशासनिक तंत्र का गौरव: डीएम

-बीमारू प्रदेश से समर्थ प्रदेश की ओर किया अग्रसर

– 4 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर हिंदी भवन सभागार लोहिया नगर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण करना एवं उन्हें लाभान्वित करना है। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए कार्यक्रम का सजीव प्रसारण का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में वर्तमान सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर जिले की विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों द्वारा स्टॉल लगाए गए एवं आगंतुकों को विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई ताकि आमजन को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सके। लाभार्थी बाला देवी पत्नी स्व. वेदपाल शास्त्री नगर, कविता पत्नी स्व. ओमबीर दोसा बंजरपुर, माया पत्नी मन सिंह सिंह दोसा बंजारपुर, पुष्पा पत्नी यशपाल दोसा बंजरपुर, अमीता पत्नी अरविंद कबूल नगर लोनी, सरला देवी पत्नी फूल सिंह अकबरपुर बहरामपुर, शोभा पत्नी नरेंद्र ग्राम रोरी, अनीशा पत्नी कासिम ग्राम टीला शाहबाजपुर को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को एवं एक जनपद एक उत्पाद टूल किट प्रशिक्षण योजना अंतर्गत 10 लाभार्थियों को टूल किट प्रदान की गई, जिसमें पिंकी, राम आशीष दास, सुधीर, गौरव पाल, इजहार आलम को एक जनपद एक उत्पाद योजना अंतर्गत एवं अशोक भारती और शालू को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना अंतर्गत मंच से साहिबाबाद, मोदीनगर तथा लोनी विधायक ने टूल किट एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा कि सेवा, सुशासन एवं लोक कल्याणकारी सरकार के साथ काम करने का मौका मिला है, जो प्रशासनिक तंत्र का गौरव है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति/लक्ष्य के अनुरूप जनपद का विकास समग्र दिशाओं में हुआ है, जिसमें सडक़ निर्माण, पेयजल, सीवर, हिंडन टर्मिनल एवं कैलाश मानसरोवर जैसे विश्व स्तर के निर्माण कार्य जनपद में वर्तमान सरकार के मार्गदर्शन में कराए गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने सरकार की योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मेयर आशा शर्मा ने कहा उत्तर प्रदेश की सरकार ने आज चार वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। आज के ही दिन उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी। पिछले चार वर्षों में उत्तर प्रदेश देश के विकास इंजन के रूप में उभरा है। सरकार का लक्ष्य राज्य की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के संदर्भ में बनाना है। साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने कहा प्रदेश में जब अर्थव्यवस्था, निवेश अनुकूल वातावरण, प्रति व्यक्ति आय की बात आती थी तो हम प्रथम तीन स्थानों में भी नहीं टिकते थे। प्रदेश में बेरोजगारी भी ज्यादा थी। आज प्रदेश निवेश अनुकूल वातावरण बनाने में सफल रहा है। पहले की सरकारों में सोच की कमी थी जिसकी वजह से प्रदेश बीमारू हुआ था। प्रदेश में जो जीरो टॉलरेंस की नीति रही है। उसका परिणाम रहा है कि डकैती, दुष्कर्म तथा भ्रष्टाचार में भारी कमी देखने को मिली है। इस दौरान भाजपा के महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक मोदीनगर मंजू सिवाच, विधायक लोनी नंद किशोर गुर्जर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, एडीएम सिटी शैलेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग की पूनम शर्मा ने किया।