गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में चुनावी सरगर्मी तेज है। मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए प्रतिदिन दिग्गज राजनीतिज्ञ गाजियाबाद आ रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र का रूख किया। प्रियंका ने खोड़ा कॉलोनी जाकर रोड शो के जरिए वोट मांगे। उन्हें देखने के लिए जगह-जगह भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गाजियाबाद जिले की पांचों सीट पर दस फरवरी को मतदान होना है। मतदान का समय करीब आ गया है।
इसके चलते गाजियाबाद में स्टार प्रचारकों की आमद भी तेज हो चुकी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को खोड़ा कॉलोनी जाकर चुनाव प्रचार किया। उनके साथ साहिबाबाद विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी संगीता त्यागी भी मौजूद रहीं। खोड़ा कॉलोनी में वाहन पर सवार होकर प्रियंका ने मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी जमकर प्रहार किए। प्रियंका गांधी के प्रचार के दौरान काफी भीड़ जुट गई। ऐसे में पुलिस को भीड़ से निपटने को खासी जद्दोजहद करनी पड़ी।
पुलिस और पब्लिक में हल्की-फुल्की झड़प भी हो गई। दरअसल एआईएमआईएम सुप्रीमो ओवैसी पर हापुड़ में जानलेवा हमला होने के बाद पुलिस खासी सतर्कता बरत रही है। बता दें कि दस फरवरी को लोनी, मुरादनगर, गाजियाबाद शहर, साहिबाबाद और मोदीनगर सीट पर मतदान होना है। इस बीच चुनाव प्रचार के सिलसिले में अब तक गाजियाबाद में गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी इत्यादि आ चुके हैं।
















