-सुंदर व सुव्यवस्थित हों छठ घाट, नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को दिए निर्देश
-हिंडन समेत 75 घाटों को तैयार करेगा नगर निगम
गाजियाबाद। छठ महापर्व को लेकर गाजियाबाद में पुरबिया जनकल्याण परिषद ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिषद के पदाधिकारियों ने शनिवार को छठ घाटों को सुव्यवस्थित करने के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से मुलाकात की। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी छठ घाट पर मरम्मत का कार्य, स्वच्छ जल की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था मार्गो की मरम्मत की व्यवस्था सुदृढ़ की जाने को लेकर चर्चा की गई। नगर आयुक्त को लिखित में पत्र भी दिया गया। मौके पर निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी को गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ घाट सुंदर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया पूर्व की भांति इस वर्ष भी छठ घाट को जाने वाले मार्ग पूर्ण रूप से व्यवस्थित होंगे। छठ घाट की भी मरम्मत की जाएगी। आवश्यकता अनुसार रंगाई पुताई का कार्य भी कराया जाएगा। इसी के साथ-साथ हिंडन नदी पर बनाए जाने वाले घाट को पूरी तरह से सजाया जाएगा। इसके लिए नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में अन्य विभागों द्वारा तैयारी चल रही है।
















