दौड़ प्रतियोगिता में दर्जनों युवकों ने भाग लेकर दमखम दिखाया

विजेताओं को पूर्व मंत्री ने पुरस्कृत कर हौंसला बढ़ाया

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। तहसील स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में दर्जनों युवकों ने भाग लेकर अपना दमखम दिखाया। विजेताओं को पूर्व मंत्री ने पुरस्कृत कर उनका हौंसला बढ़ाया। गढ़ क्षेत्र के गांव मानकचौक में शुक्रवार को 16 सौ मीटर की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसका प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ सपा नेता मदन चौहान ने फीता काटकर शुभारंभ किया। दौड़ प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए दर्जनों युवकों ने भाग लेकर अपना दमखम दिखाया। दौड़ प्रतियोगिता में नयागांव इनायतपुर का जितेंद्र राणा पहले, मानकचौक का आशीष सिंधू दूसरे एवं गांव का ही मिंटू तीसरे स्थान पर रहा। विजेता धावकों को पूर्व मंत्री मदन चौहान ने पुरस्कृत कर उनका हौंसला बढ़ाया। पूर्व मंत्री ने कहा कि इस दौर में युवा वर्ग को तरह तरह की बुराई अपनी गिरफ्त में जकड़ रही हैं, जिसकी रोकथाम को ग्रामीण अंचल में इस तरह की दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाना बेहद जरूरी हो गया है। जिससे युवाओं में एक दूसरे से आगे निकलने की सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है। आशीष चौधरी, सौरभ चौधरी, अंकुर, अमरेंद्र सिंह, चापसिंह, जयवीर, गुरमीत, रणधीर प्रधान, प्रतिपाल, आदेश समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।