श्रीराम के चित्र से सुशोभित भगवा धर्म ध्वजाओं के साथ निकली रैली

रामलला हम आएंगे मंदिर भव्य बनाएंगे के उद्घोष से गूंजा शहर

गाजियाबाद। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण समिति द्वारा रविवार को कविनगर रामलीला मैदान से भव्य जन चेतना बाइक रैली निकाली गई। रैली में विशेष तौर पर एक प्रचार रथ पर राम मंदिर का भी प्रारूप तैयार किया गया। जिसमें जय जय श्रीराम, भारत माता की जयकार के जयघोष की बीच कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बना। श्रीराम के चित्र से शुशोभित धर्म ध्वजाओं को मुक्त हवा में लहराता देखकर राह में पडऩे वाले प्रत्येक शहरवासियों का मन आनंदित व राममय हो गया।

अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 15 जनवरी से शुरू हो रहे श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने व धार्मिक चेतना को जागृत करने के लिए रविवार को जनजागरण बाइक रैली निकली गई। रैली यात्रा की शुरूआत कविनगर रामलीला मैदान से शुरू होकर राजनगर, हिंट चौक, आरडीसी, कालका गढ़ी चौक, चौधरी मोड़, घंटाघर से होते हुए रामलीला मैदान नेहरूनगर में समाप्त हुई। श्री महंत नारायण गिरी द्वारा जय श्री राम के उद्घोष के साथ रैली आरंभ हुआ।

श्री महंत नारायण गिरी ने बताया इस रैली का उद्देश्य संपूर्ण शहर को अवगत कराना था कि रामभक्तो की टोली 15 जनवरी, मकर सक्रांति के पावन दिवस से आरंभ कर आपके घर आने वाली है। जिसमे संपूर्ण रामभक्त समाज अपने सामथ्र्य अनुसार निधि सहयोग करे। सदियों बाद पुनर्निर्मित होने वाला भव्य श्री राम मंदिर संपूर्ण भारत के सर्व समाज, प्रति एक घर के निधि समर्पण से पूर्ण होगा। हर घर को इस गौरव समर्पण का अनुभव होगा कि यह भव्य राम मंदिर किसी व्यक्ति, वर्ग, संस्था या संघठन द्वारा निर्मित नहीं बल्कि हम सब राम मे आस्था रखने वाले साधारण से साधारण परिवार द्वारा समर्पण से संग्रहित निधि से बना है। कार्यक्रम में मेयर आशा शर्मा, अभियान प्रमुख सुशील, अमित कटारिया, कैलाश, धुरेंद्र, बीजेपी महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा समेत हजारों लोग उपस्थ्ति रहे।