राहत : पासपोर्ट सेवा से जोड़े गए डिजिटल दस्तावेज

अब ऑरिजनल डॉक्यूमेंट साथ ले जाने की जरूरत नहीं

गाजियाबाद। पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। पासपोर्ट बनवाने के लिए अब असली दस्तावेज ले जाने की जरूरत नहीं रहेगी। विदेश मंत्रालय ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजिटल दस्तावेज पासपोर्ट सेवा से जोड़ दिया है। इससे गाजियाबाद समेत 13 जिलों के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। पासपोर्ट के लिए आवेदक को अब बॉयोमीट्रिक के वक्त असली दस्तावेज की जरूरत नहीं होगी। डिजिलॉकर को पासपोर्ट सेवा से जोडऩे का फैसला लेकर विदेश मंत्रालय ने नागरिकों को सुविधा दी है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी सुब्रतो हाजरा ने बताया कि विदेश मंत्रालय के निर्देशानुसार डिजिलॉकर को पासपोर्ट सेवा से जोड़ दिया गया है। पासपोर्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय डिजिलॉकर को चुनने का विकल्प दिया जाएगा। डिजिलॉकर को चुनने के बाद आवेदक जिस-जिस दस्तावेज को पासपोर्ट बनवाने के लिए पेश करना चाहते हैं, उन पर क्लिक कर सकेंगे। इसके बाद अप्वाइंटमेंट के दिन आवेदक को असली दस्तावेज लेकर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बायोमीट्रिक के समय पासपोर्ट सेवा केंद्र और पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में डिजिलॉकर के जरिए आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन हो जाएगा। उन्होंने बताया कि डिजिलॉकर को चुनने की व्यवस्था वैकल्पिक मुहैया कराई जा रही है, जो आवेदक दस्तावेज लेकर आना चाहते हैं, वह पूर्व की तरह दस्तावेज लेकर भी आ सकते हैं। पासपोर्ट नवीनीकरण की स्थिति में आवेदक को अपना पुराना पासपोर्ट भी पासपोर्ट सेवा केंद्र और पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में लेकर जाना होगा। बता दें कि गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अंतर्गत आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़, शामली, सहारनपुर आते हैं। पासपोर्ट अधिकारी सुब्रतो हाजरा ने बताया कि पासपोर्ट बनवाने के लिए वर्तमान में 25.30 फीसद आवेदक डिजिलॉकर में दस्तावेज लेकर आते हैं, लेकिन डिजिलॉकर के पासपोर्ट सेवा से जुड़ा न होने के चलते उन्हें अपने असली दस्तावेज लेकर भी आने पड़ते थे, लेकिन अब लोगों को सहूलियत मिलेगी। दस्तावेज खोने या नष्ट होने के बाद भी पासपोर्ट बनवाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। जिन लोगों ने अपने दस्तावेज डिजिलॉकर पर अपलोड कर रखे हैं, वह पासपोर्ट के लिए आवेदन करते वक्त डिजिलॉकर का विकल्प चुनेंगे तो उनके उक्त दस्तावेज डिजिलॉकर से सत्यापित कर लिए जाएंगे। दस्तावेज आवेदक अपने मोबाइल में प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर पर जाकर डिजिलॉकर एप डाउनलोड करें या डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट डिजिलॉकर डॉट गर्वनमेंट डॉट इन पर जाएं। इसके बाद नाम, जन्म तिथि, ई-मेल, मोबाइल नंबर और आधार नंबर भरकर अपना डिजिलॉकर एकाउंट बनाएं। इसे बनाने के बाद अपने जरूरी दस्तावेज अपने डिजिलॉकर एकांउट में सुरक्षित रखें।