गाजियाबाद। अवैध निर्माण पर लगी जीडीए सील तोड़कर निर्माण करने के मामले में प्राधिकरण ने तीन लोगों के खिलाफ विजयनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जीडीए का आरोप है कि अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने सील लगाई थी, लेकिन इन्होंने प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन करते हुए सील तोड़कर निर्माण किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विजयनगर थाना में जीडीए प्रवर्तन जोन पांच के अवर अभियंता नरेंद्र कुमार मार्कंडेय ने अवैध निर्माण पर लगी सील तोड़कर निर्माण करने के मामले में अनुज कुमार, पुष्पेंद्र वर्मा, जयभगवान शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट कराई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन्होंने अकबरपुर बहरामपुर स्थिति प्रज्ञा विहार में बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण किया। इस अवैध निर्माण को प्राधिकरण ने सील कर दिया, लेकिन इस तोड़कर इन्होंने इस अवैध निर्माण को जारी रखा। निर्माण चलने की शिकायत पर प्राधिकरण की टीम ने 15 जनवरी 2021 को वहां का निरीक्षण किया तो सील तोड़कर भूतल व तीन तलों का निर्माण मिला। साथ ही पांचवे तल के निर्माण के लिए शटरिंग का कार्य चल रहा था, जिसे रुकवा दिया। प्राधिकरण की सील तोडऩे और आदेशों का उल्लंघन करने पर इन तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।















