गाजियाबाद। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में चीनी मिल मोदीनगर के प्रतिनिधियों के साथ गन्ना मूल्य भुगतान, किसानों को चीनी वितरण एवं आगामी पेराई सत्र की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक ली। नए पेराई सत्र के शुरू होने से पहले किसानों को पूरा भुगतान करने पर जोर दिया। अत्यधिक बकाया होने पर भैसाना मिल के प्रबंधक को फटकार लगाई। समीक्षा में पाया गया कि चीनी मिल की कुल देयता 316.37 करोड़ रुपये के सापेक्ष 157. 16 करोड़ रुपये का ही भुगतान किया गया है, जो कुल देयता का लगभग 50 प्रतिशत है। उक्त स्थिति पर जिलाधिकारी ने रोष व्यक्त करते हुए शेष 159.45 करोड रुपये के भुगतान करने के संबंध में अध्यासी, चीनी मिल मोदीनगर से जानकारी चाही।
जिसके क्रम में अध्यासी, चीनी मिल मोदीनगर द्वारा बताया गया कि चीनी मिल के पास लगभग 75.00 करोड़ रुपये का चीनी एवं शीरे आदि का स्टॉक शेष है। जिलाधिकारी द्वारा अध्यासी, चीनी मिल मोदीनगर को 2 दिवस के अंदर पेराई सत्र 2023-24 के अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान का शेड्यूल / कार्य योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि चीनी मिल के आगामी पेराई सत्र 2024-25 से शुरू होने से पूर्व पेराई सत्र 2023-24 के अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाए। यदि चीनी मिल प्रबंधतंत्र द्वारा उक्त निर्देशों का पालन नहीं किया जायेगा तो चीनी मिल प्रबंधतंत्र के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, वेदपाल सिंह मलिक, अध्यासी, सुरेश शर्मा प्रबंधक (कामर्शियल) व डी.डी. कौशिक लाईजन अफसर उपस्थित रहें।
















