आरडीसी राजनगर में कैशियर से 10 लाख लूटे
कारोबारी के खजांची को बदमाशों ने बनाया निशाना
गाजियाबाद। शहर में बेखौफ बदमाश निरंतर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी बात है। दवा कारोबारी के घर डकैती की वारदात को सुलझाने में उलझी पुलिस को सोमवार को अपराधियों ने फिर आईना दिखा दिया। स्कूटी सवार 2 बदमाशों ने कारोबारी के कैशियर से दिनदहाड़े 10 लाख रुपए लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद बदमाशों की खोजबीन शुरू की, मगर कोई सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस के मुताबिक लालकुआं पर केआर फूड्स के नाम से घी की कंपनी है। इस कंपनी के मालिक मंगला हैं। कंपनी का खजांची नितिन शर्मा सोमवार को सुबह करीब 11 बजे एचडीएफसी बैंक की आरडीसी-राजनगर ब्रांच में 10 लाख रुपए जमा कराने के लिए निकला था। वह कार से चालक के साथ आया था। बैंक के बाहर नितिन शर्मा कार से उतर कर रुपयों से भरा बैग लेकर जाने लगे। इस बीच मुंह पर मास्क लगाए स्कूटी सवार 2 बदमाश आए। आरोप है कि बदमाशों ने नितिन पर तमंचा तान गोली मारने की धमकी दी। ऐसे में कैशियर नितिन शर्मा बैग छोड़कर जान बचाकर भाग लिए। मौका पाकर बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गए। वारदात के बाद क्षेत्र में एकाएक हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वारदात का खुलासा करने को टीम गठित की गई है। वारदात से एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था की कलई खुल गई है। बता दें के कविनगर थानांतर्गत राजनगर सेक्टर-6 में शनिवार की रात आधा दर्जन बदमाशों ने दवा कारोबारी पवन गर्ग के घर में डाका डाला था। कारोबारी के पूरे परिवार को बंधक बनाकर कई लाख की नकदी व जेवरात लूटकर बदमाश भाग गए थे। इस वारदात का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
















