रोबोटिक मशीन से सीवर समस्या का होगा समाधान: नितिन गौड़

मेन हॉल की निचली तह तक जाकर गंदगी की होगी सफाई

गाजियाबाद। शहर में सीवर व मेन हॉल की सफाई को लेकर लोगों द्वारा की जाने वाली शिकायतों का अब समाधान हो सकेगा। नगर निगम द्वारा खरीदी गई रोबोटिक मशीन से अब मेन हॉल व सीवर की सफाई हो सकेगी।
शुक्रवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कविनगर जोन क्षेत्र के गोविंदपुरम में बैंडीकूट रोबोटिक मशीन द्वारा मेन हॉल की सफाई का ट्रायल देखा। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी की मौजूदगी में कहा कि शहर में सीवर की समस्याओं के समाधान करने के लिए प्रक्रिया जारी है।

बैंडीकूट रोबोटिक मशीन से शहर के मेन हॉल की सफाई कराई जा सकेगी। इसका कंपनी द्वारा मौके पर मशीन के माध्यम से प्रेजेंटेशन दिया। जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त के निर्देशन में सीवर की समस्या का समाधान तेजी से किया जा रहा है। शहर वासियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए बैंडीकूट मशीन,एक रोबोटिक मशीन खरीदी गई है। सुपर सकर मशीन बड़ी होती है। यह छोटी से होने से संकरी गलियों में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। मशीन में गैस सेंसर की मदद से मेन हॉल की गैस के बारे में भी जानकारी की जा सकती है। मशीन में कैमरे भी लगे हुए हैं। 39.52 लाख रुपए की यह एक मशीन है। जो मेन हॉल की निचली तह तक जाकर गंदगी को साफ कर सकेगी। इससे सफाई होने के बाद मेन हॉल के चौक की समस्या का समाधान हो सकेगा। निगम द्वारा मशीन का ट्रायल लिया गया है। इस मशीन से शहर की संकरी गलियों में सीवर समस्या का समाधान किया जा सकेगा।