हिल स्टेशन की तरह गाजियाबाद में मिलेगी रोप-वे की सुविधा

जीडीए की प्लानिंग, वैशाली से मोहन नगर तक आसान होगा सफर

गाजियाबाद। शहर में परिवहन सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में जीडीए निरंतर प्रयासरत हैं। इसी क्रम में वैशाली मेट्रो स्टेशन से मोहन नगर के बीच रोप-वे की योजना पर विचार हो रहा है। यदि सब-कुछ ठीक-ठाक रहा तो 2023 तक इस रूट पर नागरिकों को रोप-वे की सुविधा मिल जाएगी। जीडीए ने पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर रोप-वे का संचालन निजी कंपनी से कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश चाहते हैं कि अगले विधान सभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लागू होने से पहले प्रस्तावित रोप-वे रूट का शिलान्यास करा दिया जाए ताकि कार्य समय से पूर्ण हो सके।

दिल्ली की कंसलटेंट कंपनी मै. निवेशा एडवाइजर द्वारा रोप-वे प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) सौंप दी गई है। इसके बाद जीडीए उपाध्यक्ष ने रोप-वे रूट के लिए विभागीय अधिकारियों की कमेटी भी गठित कर दी है। कमेटी में जीडीए सचिव बृजेश कुमार के अलावा प्रभारी चीफ इंजीनियर एसके सिन्हा, फाइनेंस कंट्रोलर अशोक वाजपेयी, सीएटीपी आशीष शिवपुरी को शामिल किया गया है। कमेटी कंसलटेंट कंपनी द्वारा सौंपी गई डीपीआर का परीक्षण करने के बाद इसकी रिपोर्ट जल्द उपाध्यक्ष को सौंपेंगी। वैशाली मेट्रो स्टेशन से मोहननगर मेट्रो स्टेशन तक पहाड़ी क्षेत्र की तर्ज पर 5.02 किलोमीटर लंबे इस रूट पर रोप-वे यानि कि उड़नखटोले में लोग आसानी से सफर कर सकेंगे। वैशाली से मोहन नगर तक 15 मिनट का सफर होगा। 5.02 किलोमीटर लंबे इस रोप-वे रूट पर करीब 450 करोड़ रुपए की लागत आएगी।

पीपीपी मॉडल पर योजना का होगा क्रियान्वयन
जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर एसके सिन्हा ने बताया कि कंसलटेंट कंपनी मैसर्स निवेशा एडवाइजर कंपनी द्वारा रोप-वे प्रोजेक्ट की डीपीआर सौंपी गई है। 10 सीटर वाली रोप-वे ट्रॉली होगी। वैशाली मेट्रो स्टेशन से मोहननगर मेट्रो स्टेशन तक यह डबल रूट यानि कि आना-जाना होगा। इसमें वैशाली के अलावा वसुंधरा,साहिबाबाद और मोहननगर में 4 स्टेशन बनाए जाएंगे। करीब 450 करोड़ रुपए की लागत से इस रूट पर रोप-वे चलाई जाएगी। यह 5.02 किलोमीटर लंबे रूट पर पिलर का निर्माण डिवाइडर एवं ग्रीन बैल्ट की जमीन पर किया जा सकेगा। चीफ इंजीनियर ने बताया कि डीपीआर के तहत रोजाना इस रूट पर रोप-वे ट्रॉली में लगभग 4000 लोग सफर कर सकेंगे। पीपीपी मॉडल पर इस रोप-वे प्रोजेक्ट को शुरू करने की प्लानिंग की गई है। रोप-वे का यह प्रोजेक्ट केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके लिए उनसे भी वार्ता कर केंद्र सरकार से फंडिंग की डिमांड की जाएगी।साढ़े चार सौ करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट
वैशाली से मोहन नगर मेट्रो स्टेशन तक इस रूट पर मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू करने और ट्रैक, स्टेशन का निर्माण होने पर करीब 1850 करोड़ रुपए का खर्च संशोधित डीपीआर में आ रहा है। चुनाव आचार संहिता लगने से पहले पीपीपी मॉडल पर रोप-वे प्रोजेक्ट का शिलान्यास कराने की प्लानिंंग की गई है। कंसलटेंट कंपनी ने इसकी डीपीआर सौंप दी है। इसके लिए कमेटी गठित कर दी है। कमेटी इसका परीक्षण कर जल्द रिपोर्ट देगी। करीब 450 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट के लिए जीडीए के पास फंंडिंग की कमी होने के चलते इसे पीपीपी मॉडल पर प्रोजेक्ट का शुरू करने की प्लानिंग की गई हैं। कंपनी इस पर अपना पैसा खर्च करेगी।
कृष्णा करूणेश
उपाध्यक्ष
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण