392 सफाई कर्मियों ने कराया रजिस्ट्रेशन, 60 कर्मचारियों ने लोन लेने के लिए किया आवेदन
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सफाई सुरक्षा चैलेंज के मद्देनजर कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित सफाई मित्र लोन मेले में सफाई कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मेले का फीता काटकर मेयर आशा शर्मा ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के लिए ऐसे मेले आयोजित होना जरूरी हैं। 
सफाई कर्मियों के लिए सफाई हेतु जरूरी सामान खरीदने से लेकर बैंकों से सब्सिडी पर लोन दिलाने का कार्य किया गया। दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक मेले का आयोजन किया गया। लोन मेले में 392 सफाई कर्मियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। जबकि 60 कर्मचारियों ने लोन के लिए आवेदन किया। 
मेले में शाहजहांपुर, अमरोहा, सहारनपुर, डासना, मोदीनगर आदि के कर्मचारियों ने भाग लिया। 12 स्टॉल लगाए गए थे। नगर निगम के 60 कर्मचारियों ने लोन लेने हेतु आवेदन किया। इसके लिए 7 बैंकों से लोन दिलाया जाएगा। मेले में मशीन, सफाई के यंत्रों के स्टॉल लगाए गए थे। सफाई कर्मियों को 50 फीसदी सब्सिडी पर बैंकों से लोन दिलाने के लिए मेले का आयोजन किया गया।
मेयर आशा शर्मा के प्रयासों से यह मेला आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडेय, एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन खान, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता योगेंद्र यादव, जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता, सुनील राय, एसके गौतम, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा और सफाई निरीक्षक आदि मौजूद रहे। अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि उपकरण खरीदने के लिए एनएसकेएफडीसी के माध्यम से फानइेंस भी कराया गया। मेले में उपकरण उपलब्ध कराए जाने से सफाई कर्मचारियों को सफाई कार्य करने में राहत मिलेगी।
















