म्युनिसिपल कमिश्नर ने सफाईनायकों के साथ की सीधी बात
गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020-2021 के तहत नगर निगम हरसंभव कदम उठा रहा है, मगर बिना कर्मचारियों के सहयोग के अच्छे परिणाम मिलना संभव नहीं है। इसके तहत म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने सफाईनायकों के साथ सीधी बात की है। उन्होंने कहा कि जब तक हम अपने परिवार (गाजियाबाद नगर निगम) की देखभाल सही से नहीं करते तब तक हम स्वचछता सर्वेक्षण में भी नंबर-1 नहीं आ सकते। क्योंकि जिस तरह पौधे को पेड़ बनाने के लिए एक माली की जरूरत होती है, उसी तरह शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में नगर निगम कर्मचारियों की। इसलिए कर्मचारियों को नई सौगात देकर म्युनिसिपल कमिश्नर ने मेडिकल के साथ वर्दी भी समय पर देने का ऐलान किया। म्युनिसिपल कमिश्नर के इस कदम से कर्मचारियों में भी उत्साह का माहौल है। म्युनिसिपल कमिश्नर का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था में नगर निगम के कर्मचारी अपनी परवाह किए बगैर ठंड या फिर गर्मी में रातभर कार्य करते हैं। बीमार होने पर न उनके पास अच्छे इलाज के लिए पैसे होते हैं और ना उनके पास कार्य करने के दौरान कोई वर्दी है। इसलिए नगर निगम की ओर से सभी कर्मचारियों को मेडिकल सेवा और वर्दी भी दी जाएगी। म्युनिसिपल कमिश्नर ने सफाईनायकों को सम्मानित भी किया। सीधी बात कार्यक्रम में म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि सफाईनायकों के साथ कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान करना भी उनका कर्तव्य है। इस मौके पर कर्मचारियों ने विभिन्न समस्याएं रखीं। इनमें मेडिकल फैसिलिटी, रोड पर स्वीपिंग मशीन की मांग, डेयरी द्वारा फैलाई गई गंदगी का समाधान, साप्ताहिक अवकाश, समय पर वर्दी देने की मांग प्रमुख रहीं। सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि अशोक, राम भूल द्वारा मांग पत्र रखा गया। म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा वेलफेयर फंड की व्यवस्था सफाई कर्मचारियों हेतु बनाने के आदेश संबंधित अधिकारी को दिए गए। उन्होंने कहा कि इस फंड से कर्मचारियों को एक्सीडेंट, बीमारी व आकस्मिक निधन पर सुविधाएं आसानी से प्राप्त होंगी।
















