-ईएसआई राजेन्द्र नगर को भी तैयार रहने के दिए निर्देश
गाजियाबाद। कोविड प्रोटोकॉल को बनाए रखने के लिए प्रशासन अपने तमाम प्रयास कर रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग भी होली के बाद मरीजों की संख्या तेजी से बढऩे की आशंका के चलते तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए जहां जिले में टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है, वहीं संजय नगर स्थित अस्पताल को दोबारा से कोविड एल-2 बनाए जाने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। निजी अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि होली के एक सप्ताह बाद जिले में कोरोना का स्पाइक हो सकता है। कोरोना संक्रमण एक बार फिर पैर पसार रहा है, जिसकी चपेट में एक जनवरी से 27 मार्च तक 1123 लोग चपेट में आ चुके है। सबसे अधिक मरीजों की पुष्टि मार्च में हुई है। जनवरी माह में 454 मरीज मिले, इसके बाद संक्रमण कम होने पर फरवरी में 163 मरीजों की पुष्टि की गई थी, लेकिन मार्च शुरू होते ही संक्रमण एक बार फिर तेजी से फैलना शुरु हो गया है। एक मार्च से 27 मार्च तक 506 मरीज मिल चुके हैं। बीते दस दिनों से मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। ऐसे में होली त्यौहार के बाद संक्रमण बढऩे की आशंका जताई जा रही है। जिसके मद्देनजर कोविड लेवल-2 अस्पतालों को फिर दोबारा से संचालित किया जा सकता है। जिसे लेकर कंबाइंड अस्पताल और ईएसआई राजेन्द्र नगर को तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा कोविड केयर सेंटर भी शुरू किए जा सकते हैं। बता दें कि जनवरी में संक्रमण कम होने के बाद फरवरी माह मेें कोविड लेवल-3 अस्पताल को छोड़कर सभी सरकारी कोविड अस्पताल को नॉन कोविड कर दिया गया था। प्राइवेट अस्पतालों को भी शासन से अनुमति के बाद नॉन कोविड में तब्दील करने का निर्णय लिया गया था। कोविड लेवल-3 में शनिवार तक 22 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा करीब 90 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। निजी कोविड अस्पतालों में 85 मरीज भर्ती हैं। प्रशासन ने होली पर्व को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ अपने-अपने घरों मेें ही मनाने की अपील की है। कंबाइंड अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय तेवितया ने कहा कि सीएमओ द्वारा कोविड अस्पताल शुरू करने को लेकर तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। शासन से भी निर्देश मिलने के बाद अस्पताल को पांच दिनों के भीतर कोविड लेवल-2 में तब्दिल कर दिया जाएगा।
















