अवैध मिट्टी खनन पर एसडीएम ने छापेमारी की

गाजियाबाद। तहसील लोनी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जारी अवैध मिट्टी खनन पर एसडीएम द्वारा कार्रवाई की गई। मिट्टी खनन के लिए किसी विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी। एसडीएम का कहना है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के निर्देशन में उप-जिलाधिकारी लोनी शुभांगी शुक्ला ने शनिवार की देर रात लगभग 12:30 बजे लोनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जावली में औचक निरीक्षण कर बिना अनुमति के जारी मिट्टी खनन पर छापेमारी की कार्रवाई की। उप-जिलाधिकारी लोनी ने बताया कि खनन बिना किसी विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किए बड़े पैमाने पर किया जा रहा था। मौके से 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई हैं। खनन कर्ताओं के विरूद्ध रॉयल्टी एवं जुर्माना आरोपित करने के लिए जिलाधिकारी को संपूर्ण सूचना प्रेषित की गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के संबंध में निरंतर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिसके क्रम में यह कार्यवाही सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार निरंतर अभियान जारी रहेगा।